Anand Mahindra Twitter: आनंद महिंद्रा अपने ट्विटर हैंडल को लेकर भारत में काफी फेमस हैं और उद्योग जगत में भी उन्हें देश-विदेश में बहुत पसंद किया जाता है. हाल में आनंद महिंद्रा ने एक वीडियो अपने ट्विटर पर पोस्ट किया है जिसमें बैंड की तरह सजा स्कूटर नजर आ रहा है. ये किसी दूल्हे की बग्घी जैसा भी लग रहा है. महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “जिंदगी उतनी रंगीन और मजेदार होती है जितना आप उसे बनाना चाहते हैं.”
जबलपुर पासिंग है ये स्कूटर
वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूटर का नंबर एमपी 20 से शुरू होता है, तो ये स्कूटर जबलपुर पासिंग है. इसके साथ डिस्प्ले भी लगा है जो मोबाइल फोन से कनेक्ट होकर काम करता है. वीडियो में इस अनोखी स्कूटर पर लगे साउंड सिस्टम में राजेश खन्ना का ‘छुप गए सारे नजारे’ गाना बजता सुना जा सकता है और स्कूटर में सब जगह छोटे-छोटे लाइट्स लगे हैं जिन्हें देखते ही आपको दूल्हे की बग्घी और बैंड की याद आएगी.
बजाज सुपर है ये स्कूटर
जिस स्कूटर को इस तरह मॉडिफाइ किया गया है वो बजाज सुपर है जो अपने जमाने का फैमिली स्कूटर हुआ करता था. आज भी लोग इस स्कूटर को शौक से चलाते हैं. कंपनी ने इस स्कूटर के साथ 2-स्ट्रोक 125 सीसी इंजन दिया था जो 5.9 बीएचपी ताकत बनाता है. दुल्हन की तरह सजाया हुआ तड़कता-भड़कता ये स्कूटर पेट्रोल पंप पर खड़ा था जब इसका वीडियो रिकॉर्ड किया गया.

