क्रिकेट

एशिया कप की दोनों ट्रॉफी कब पहुंचेंगी भारत? बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दिया जवाब

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने मोहसिन नकवी के कब्जे में पहुंची एशिया कप की दो ट्रॉफी के भारत को मिलने से जुड़े सवाल का जवाब दिया है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

Image

देवजीत सैकिया (फोटो क्रेडिट ANI)

मुंबई: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय पुरुष और महिला टीमों द्वारा जीती गई एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन बीसीसीआई मुख्यालय पहुंचेंगी, हालांकि इसके लिए कोई समयसीमा नहीं बताई जा सकती। एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम और हाल में महिला टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। नकवी पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं।

हमें उम्मीद है कि एक दिन यहां आएंगी दोनों ट्रॉफियां

भारतीय पुरुष टीम ने पिछले साल दुबई में पाकिस्तान को फाइनल में हराकर एशिया कप टी20 का खिताब जीता था, जबकि महिला टीम ने इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। सैकिया ने बीसीसीआई की 95वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद संवाददाताओं से कहा,'एशिया कप की ट्रॉफियां हमें उम्मीद है कि एक दिन यहां आ जाएंगी। मैं कोई समय सीमा नहीं बताऊंगा लेकिन मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि दोनों ट्रॉफियां वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई कार्यालय में जरूर पहुंचेंगी।' सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को एशिया कप में खिताबी जीत के बाद बगैर ट्रॉफी के भारत लौटना पड़ा।

भारतीय महिला टीम के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने का जताया भरोसा

सैकिया ने यह भी कहा कि बोर्ड को भरोसा है कि भारतीय महिला टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतेगी। भारतीय टीम ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में जापान को हराया। उन्होंने कहा,'हमने पिछले सप्ताह दुबई में शानदार जीत दर्ज करने वाली अपनी महिला टीम को बधाई दी। उन्होंने जापान के खिलाफ पहला मुकाबला भी शानदार तरीके से जीता है और हमें उम्मीद है कि वे इस महीने की 22 तारीख को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतेंगी।'

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article