दुनिया

अमेरिका में प्लेन क्रैश, नॉर्थ डकोटा की प्रतिनिधि और पायलट की मौत; उड़ान के कुछ मिनट बाद ही हादसा

अमेरिका के मिनेसोटा में एक छोटा विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गया। जिसमें नॉर्थ डकोटा की प्रांत प्रतिनिधि लिज कॉन्मी और पायलट की मौत हो गई।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

US Plane Crash: अमेरिका के मिनियापोलिस में एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। जिसमें नॉर्थ डकोटा की प्रांत प्रतिनिधि लिज कॉन्मी और पायलट की मौत हो गई। यह हादसा मिनेसोटा के ब्रुकलिन पार्क इलाके में हुआ। सीनेटर टिम मैथर्न ने स्थानीय अखबार ’स्टार ट्रिब्यून’ से इस विमान हादसे में फार्गो निवासी प्रांत प्रतिनिधि लिज कॉन्मी की मौत की पुष्टि की।

पार्क में गिरा विमान

जानकारी के अनुसार यह विमान मिनियापोलिस के उत्तर में स्थित क्रिस्टल एयरपोर्ट से टेक-ऑफ हुआ था। उड़ान के कुछ ही मिनट बाद विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और ब्रुकलिन पार्क में गिर गया। जिसके बाद विमान आग की लपटों में बुरी तरह घिर गया। ब्रुकलिन पार्क पुलिस के मुताबिक विमान हादसे की सूचना शनिवार सुबह करीब 11 बजकर 51 मिनट पर मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि विमान आग में पूरी तरह जल चुका था। हालांकि अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है।

महिला नेता की मौत से शोक

नॉर्थ डकोटा डेमोक्रेटिक-नॉनपार्टिजन लीग पार्टी ने प्रांत प्रतिनिधि लिज कॉन्मी की मौत पर सोशल मीडिया पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि कॉन्मी सार्वजनिक शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और पारदर्शिता की सशक्त आवाज थीं। उनके निधन को पार्टी ने प्रांत के लिए बड़ी क्षति बताया है। संघीय विमानन प्राधिकरण (FAA) ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान बीच F33A मॉडल का था। जिसमें हादसे के वक्त दो लोग सवार थे।

वहीं, राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) ने इस विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही जांच टीम घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत जांच करेगी। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article