दुनिया

रूस से बचाव के लिए यूक्रेन को हथियार बेचेगा US, 2.1 अरब डॉलर मूल्य के सौदे को दी मंजूरी, कीव को मिलेंगी पैट्रियट मिसाइलें

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस प्रस्तावित बिक्री से यूरोप में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता की ताकत माने जाने वाले साझेदार देश यूक्रेन की सुरक्षा मजबूत होगी। इससे अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के उद्देश्यों को भी समर्थन मिलेगा।

Image

यूक्रेन को हथियार बेचेगा अमेरिका।

Photo : AP

US to sell arms to Ukraine: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के लिए राहत बड़ी खबर है। रूस से युद्ध लड़ने के लिए अमेरिका ने 2.1 अरब डॉलर मूल्य के हथियार यूक्रेन को बेचने की मंजूरी दी है। यह मंजूरी विदेश विभाग के राजनीतिक एवं सैन्य मामलों के ब्यूरो की ओर से दी गई है। इस समझौते के तहत यूक्रेन को 500 पैट्रियट एडवांस्ड कैपेबिलिटी-3 (PAC-3 MSE) मिसाइलें और उनसे जुड़े उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

कनाडा, जर्मनी, नॉर्वे से मिले पैसों से करेगा भुगतान

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस प्रस्तावित बिक्री से यूरोप में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता की ताकत माने जाने वाले साझेदार देश यूक्रेन की सुरक्षा मजबूत होगी। इससे अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के उद्देश्यों को भी समर्थन मिलेगा। यूक्रेन इस खरीद का भुगतान कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे से मिलने वाले आर्थिक सहयोग के साथ-साथ अपने राष्ट्रीय कोष से करेगा। इसके लिए यूरोपीय संघ के यूक्रेन सपोर्ट लोन के तहत वित्तीय सहायता भी ली जाएगी।

अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि इस सैन्य बिक्री में अमेरिकी सरकार के किसी भी फंड का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

जेलेंस्की ने इसे एक मजबूत फैसला बताया

अमेरिका के इस फैसले का जेलेंस्की ने स्वागत किया है। X पर अपने एक पोस्ट में जेलेंस्की ने इस मंजूरी को एक मजबूत फैसला बताया। उन्होंने कहा कि 500 PAC-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों का जखीरा काफी बड़ा है और सर्दियों के मौसम में यह यूक्रेन के लिए बेहद प्रभावी रक्षा पैकेज साबित हो सकता है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि मौजूदा शर्तों के मुताबिक इन मिसाइलों की आपूर्ति शुरू होने में अभी कई साल लग सकते हैं।

रूस ने अपने हमले तेज किए हैं

जेलेंस्की ने कहा, 'हम अपने अमेरिकी साझेदारों से अनुरोध कर रहे हैं कि वे उस समय के लिए कोई समाधान निकालें, जब PAC-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों की वास्तव में जरूरत होगी और उनका इस्तेमाल करना जरूरी हो जाएगा।' उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रूसी सेना हर दिन यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बना रही है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article