दुनिया

ब्रिटेन में डिफेंस बजट को लेकर गर्माया विवाद, रक्षा मंत्री जॉन हीली ने दिया इस्तीफा; PM स्टार्मर पर लगाए गंभीर आरोप

UK Defence Secretary John Healey Resigns: ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की खर्च की योजना इस वक्त की जरूरत की तुलना में कम है।

Image

ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने दिया इस्तीफा

Photo : AP

UK Defence Secretary John Healey Resigns: ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने डिफेंस बजट को लेकर सरकार के साथ जारी मतभेद के बीच गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस दौरान उन्होंने कीर स्टार्मर सरकार को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार की खर्च की योजना इस वक्त की जरूरत की तुलना में कम है।

जॉन हीली ने PM स्टार्मर पर लगाए गंभीर आरोप

जॉन हीली ने इस्तीफे के साथ जारी एक पत्र में प्रधानमंत्री स्टार्मर पर आरोप लगाया कि सरकार देश की सुरक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने में विफल रही है, जबकि मौजूदा समय में सुरक्षा चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं।

बताया जा रहा है कि ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के बीच पिछले कई महीनों से डिफेंस बजट को बढ़ाने को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी कारण देश की बहुप्रतीक्षित रक्षा निवेश योजना भी लगातार टलती रही, जिसे पिछले वर्ष ही जारी किया जाना था।

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, जॉन हीली ने इस्तीफे में लिखा, ''बढ़ते खतरों के इस दौर में देश की सुरक्षा के लिए जिन संसाधनों की जरूरत है, उन्हें उपलब्ध कराने में आप असमर्थ रहे हैं और आर्थिक एवं वित्त मंत्रालय भी इसके लिए इच्छुक नहीं रहा है।'' उन्होंने कहा कि आपके रक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के अलावा मेरे पास अब कोई विकल्प नहीं बचा है।

जुलाई 2024 में लेबर पार्टी की सरकार बनने के बाद से ही हीली ब्रिटेन के रक्षा मंत्री रहे हैं तथा उन्हें एक काबिल और गंभीर मंत्री माना जाता है। स्टार्मर ने 2027 तक ब्रिटेन के रक्षा खर्च को बढ़ा कर सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का 2.5 प्रतिशत और 2034 तक 3 प्रतिशत करने का संकल्प लिया है। लेकिन सेना के कई अधिकारियों का कहना है कि यह समुचित नहीं है। जॉन हीली का इस्तीफा, मुश्किलों में घिरे प्रधानमंत्री स्टार्मर के लिए एक और झटका है, जो पहले से ही पद छोड़ने की लेबर पार्टी के सहयोगियों की मांग का सामना कर रहे हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article