Omar Abdullah Nidhi Razdan Marriage: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की निजी जिंदगी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। उन्होंने खुद शनिवार को सोशल मीडिया पर इस बात का ऐलान किया है। उमर ने इंस्टाग्राम पर निधि के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "A new journey began yesterday" और निधि को टैग भी किया।
उमर अब्दुल्ला हैं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री के इस पोस्ट के बाद सियासी और मीडिया गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। शादी की खबर सामने आने के एक दिन पहले ही दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी की थी। यह शादी उमर अब्दुल्ला के जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत के तौर पर देखी जा रही है। बता दें कि इसी साल उनकी पहली पत्नी पायल नाथ से तलाक हुआ था।
3 महीने पहले ही हुआ था तलाक
उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला के तलाक को सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई 2026 को मंजूरी दी थी। दोनों पक्षों ने कोर्ट को बताया था कि उन्होंने आपसी सहमति से रिश्ता खत्म करने और सभी लंबित विवादों को सुलझाने का फैसला किया है। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ दायर किए गए केस वापस लेने पर भी सहमति जताई थी।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था तलाक का मामला
यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के तलाक से इनकार करने के फैसले को चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान दोनों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से विवाह विच्छेद की अर्जी लगाई थी। वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि दोनों ने अपने मतभेद सुलझा लिए हैं।
1994 में हुई थी पहली शादी
उमर अब्दुल्ला और पायल की शादी 1994 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के द ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। उनके दो बेटे जाहिर और जमीर हैं। दोनों 2009 से अलग रह रहे थे और 2011 में उमर ने सार्वजनिक रूप से अलगाव का ऐलान किया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी टिप्पणी में कहा था कि दोनों कई सालों से अलग रह रहे हैं।
कौन हैं निधि राजदान
निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार हैं। वह कश्मीरी पंडित परिवार से आती हैं और कश्मीर से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। इससे पहले 2005 में उनकी शादी पत्रकार नीलेश मिश्रा से हुई थी, जो 2007 में टूट गई थी। लंबे समय से उमर और निधि के रिश्ते को लेकर अटकलें लगती रही हैं, हालांकि दोनों ने कभी खुलकर इस पर बात नहीं की थी। अब मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद उन सभी चर्चाओं पर विराम लग गया है।
