हूती विद्रोहियों ने सऊदी राजधानी के एयरपोर्ट पर नए हमले का दावा किया है। चश्मदीद ने लोगों को बाहर निकाले जाने की बात कही है उनके मुताबिक, किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जाने वाली उड़ानें रोक दी गईं और यात्रियों को अपना चेक-इन सामान वहीं छोड़कर बाहर निकलने का निर्देश दिया गया।
एक चश्मदीद ने बताया कि गुरुवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कई धमाके सुने गए, जिनमें शहर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ एक बड़ा धमाका भी शामिल है।
हूती विद्रोहियों ने इस नए हमले की जिम्मेदारी ली
पड़ोसी देश यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए इस नए हमले की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि बैलिस्टिक मिसाइल से नुकसान हुआ है, लेकिन इसके लिए कोई सबूत नहीं दिया। सऊदी अधिकारियों ने इस दावे पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की। हूतियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-माल्की ने कहा कि उन्होंने हूतियों द्वारा रियाद की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों और यमन सीमा के पास दक्षिण-पश्चिम में खमीस मुशेत की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोककर नष्ट कर दिया।
Air India व Air India Express ने रियाद के लिए अपनी उड़ानें रद्द कीं
एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर, 2026 तक रियाद के लिए और वहां से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रोक दी हैं। एयर इंडिया ने वर्तनाम घटनाक्रम को देखते हुए ट्वीट कर जानकारी दी- 'इस इलाके में बदलती स्थिति को देखते हुए, हमने 10 अक्टूबर तक रियाद आने-जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं। प्रभावित यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने या टिकट रद्द करने पर पूरा रिफंड पाने का विकल्प दिया जा रहा है। हम स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए हैं।'
रियाद में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
एडवाइजरी में कहा- 'मौजूदा हालात को देखते हुए, सऊदी अरब में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क और सावधान रहें, जरूरत पड़ने पर घर के अंदर ही रहें और स्थानीय अधिकारियों द्वारा आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें'
हूतियों ने सऊदी एयरपोर्ट, सैन्य और तेल सुविधाओं पर बार-बार हमले का दावा किया
हाल के दिनों में हूतियों ने सऊदी एयरपोर्ट, सैन्य और तेल सुविधाओं पर बार-बार हमले का दावा किया। गुरुवार को विद्रोहियों ने ग्लोबल एयरलाइंस को सऊदी हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने के संभावित नतीजों के बारे में 'आखिरी बार' चेतावनी दी, उन्होंने इस क्षेत्र को अपने सैन्य अभियानों का केंद्र बताया। इन ताजा धमाकों का असर तुरंत बाजारों और तेल की कीमतों पर पड़ा, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: यमन से लाल सागर तक हूतियों का 'मौत वाला कॉरिडोर'! 'चप्पल वाली सेना' ने अमेरिका को कैसे दी चुनौती, ईरान से क्या कनेक्शन?
किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऑफिशियल X हैंडल से पोस्ट किया गया है कि यात्रियों के लिए जरूरी सूचना। कृपया एयरपोर्ट जाने से पहले सीधे अपनी एयरलाइन से संपर्क करें और अपनी फ्लाइट का स्टेटस कन्फर्म करें...
रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट 'फिर से बंद'
फ्लाइटराडार24 मॉनिटर ने X पर बताया कि रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट 'फिर से बंद' हो गया है। 'आखिरी लैंडिंग 80+ मिनट पहले हुई थी। आखिरी टेक-ऑफ 90+ मिनट पहले हुआ था।' चश्मदीद ने बताया कि फायर और एम्बुलेंस की टीमें तैनात कर दी गई थीं और धुआं दिखाई दे रहा था। उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि उन्हें मीडिया से बात करने की इजाजत नहीं थी। चश्मदीद ने बताया कि जाने वाली उड़ानें रोक दी गईं और यात्रियों को अपना चेक-इन सामान वहीं छोड़कर बाहर निकलने का निर्देश दिया गया।
