France Protest: फ्रांस में बढ़ती महंगाई और सरकारी खर्च में कटौती के विरोध में शनिवार को हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। राजधानी पेरिस समेत देश के कई शहरों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगहों पर झड़पें हुईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया। फ्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, देशभर में हुए प्रदर्शनों में करीब 82,500 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि 144 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पेरिस में प्लेस डे ला रिपब्लिक से निकला मार्च
पेरिस में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे प्रदर्शनकारी ऐतिहासिक प्लेस डे ला रिपब्लिक पर जुटे। यहां से उन्होंने प्लेस डे ला नेशन की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शन में मजदूर संगठनों, छात्र संगठनों और येलो वेस्ट आंदोलन से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने फ्रांस का राष्ट्रगान गाया और फ्रांस के साथ फिलिस्तीन के झंडे भी लहराए। मार्च के दौरान उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खिलाफ नारेबाजी की।
महंगाई और सरकारी खर्च में कटौती का विरोध
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में सरकारी खर्च में कटौती रोकना और छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल था। उनका कहना था कि महंगाई के बीच सरकारी खर्च में कटौती से आम लोगों और छात्रों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने पुलिस हिंसा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कानून प्रवर्तन अधिकारियों के हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े प्रस्तावित कानून का विरोध करते हुए पुलिस की जवाबदेही तय करने की मांग की।
कई शहरों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
प्रदर्शन के दौरान पेरिस समेत कई शहरों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव देखने को मिला। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया।
फ्रांस के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इन प्रदर्शनों में करीब 82,500 लोग शामिल हुए और 144 लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों ने देश में महंगाई, सरकारी बजट और पुलिस की भूमिका को लेकर जारी असंतोष को फिर सामने ला दिया है।
