दुनिया

US News: 'मेरी बेटी को छोड़ दो...' विमान में बैठने ही वाले थे यात्री, तभी पहुंच गए ICE एजेंट; एयरपोर्ट पर मची चीख-पुकार

अमेरिका के सिएटल-टाकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नकाबपोश ICE एजेंटों ने अलास्का एयरलाइंस की लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट में सवार होने जा रहे दो लोगों को हिरासत में ले लिया। ICE के मुताबिक, दोनों पर वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रहने का आरोप है।

Image

अमेरिका में एयरपोर्ट पर ICE की दबिश, यात्रियों के सामने दो लोगों को दबोचा। twitter

US Seattle Airport ICE Action: अमेरिका के सिएटल-टाकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नकाबपोश इमिग्रेशन एजेंटों ने फ्लाइट में सवार होने जा रहे दो लोगों को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई अलास्का एयरलाइंस की लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट में बोर्डिंग के दौरान हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एजेंट एक व्यक्ति को जमीन पर दबोचते और लोगों के विरोध के बीच यात्रियों को घसीटकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस कार्रवाई के चलते फ्लाइट की उड़ान में भी देरी हुई।

बेटी को ले जाने पर चिल्लाती रही महिला

घटना शनिवार, 21 नवंबर की सुबह की है। यात्री अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट 1306 में सवार हो रहे थे। इसी दौरान इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के नकाबपोश एजेंट जेट ब्रिज पर पहुंचे और दो लोगों को हिरासत में लेने लगे।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक महिला एजेंटों से विरोध करती सुनाई देती है। वह कहती है कि उसकी बेटी को ले जाया जा रहा है और उनके पास वर्क परमिट है। वीडियो में एजेंट एक व्यक्ति को जमीन पर दबोचते और आसपास मौजूद लोगों को पीछे हटाते भी दिखाई देते हैं। इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों के बीच तनाव का माहौल बन गया।

वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रह रहा था शख्स

अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ICE के मुताबिक, यह एक टारगेटेड इमिग्रेशन कार्रवाई थी। एजेंसी ने बताया कि उसका निशाना मैक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा (Ricardo Larrondo Mendoza) थे। ICE का आरोप है कि वह वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अमेरिका में रह रहे थे।

एजेंसी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक अन्य यात्री सोफिया हर्नांडेज मेजिया (Sofia Hernandez Mejia) ने अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंकी। ICE का दावा है कि वह भी वीजा अवधि खत्म होने के बाद अमेरिका में रह रही थीं। एजेंसी ने कहा कि उन पर संघीय अधिकारी के साथ मारपीट का आरोप लगाया जा सकता है।

एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन ने जताई नाराजगी

अलास्का एयरलाइंस ने कहा कि उसे इस इमिग्रेशन कार्रवाई की पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। एयरलाइन ने घटना को यात्रियों और कर्मचारियों के लिए बेहद परेशान करने वाला बताया। उसने कहा कि वह पोर्ट ऑफ सिएटल के साथ मिलकर यह पता लगा रही है कि कार्रवाई के दौरान तय प्रोटोकॉल का पालन किया गया या नहीं।

पोर्ट ऑफ सिएटल ने भी घटना पर नाराजगी जताई। प्रशासन के मुताबिक, एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन कार्रवाई उसकी जानकारी या भागीदारी के बिना की गई। उसने कहा कि इस घटना से प्रभावित परिवार के साथ-साथ आसपास मौजूद यात्रियों को भी परेशानी हुई है। मामले को लेकर संघीय अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।

वॉशिंगटन के गवर्नर ने आईसीई पर उठाए सवाल

वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने आईसीई की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे 'गहराई से गैर-अमेरिकी' (Deeply Un-American) तरीका बताया। फर्ग्यूसन ने कहा कि नकाब पहने एजेंटों का बिना अपनी पहचान बताए लोगों को विमान में चढ़ते समय घसीटना बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि संघीय एजेंट जेट ब्रिज तक कैसे पहुंचे। गवर्नर के मुताबिक, वह इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या एजेंटों ने मार्च में हस्ताक्षरित उस राज्य कानून का उल्लंघन किया है, जो कानून प्रवर्तन अधिकारियों के चेहरे ढकने पर प्रतिबंध से जुड़ा है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article