Russia Ukraine War: रूस ने शनिवार रात को यूकेन पर ड्रोन और मिसाइल से कई हमले किए, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और कम से कम 10 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हमले में सबसे ज्यादा नुकसान राजधानी कीव में हुआ। पिछले महीने कीव पर हवाई हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत के बाद यह पहली बड़ी बमबारी है।
क्या है पूरा मामला?
कीव शहर प्रशासन के प्रमुख ताइमुर तकाचेंको ने रविवार को सोशल मीडिया के जरिये हताहतों की संख्या की पुष्टि की और बताया कि शहर भर के नागरिक इलाकों को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में 10 अन्य घायल हो गए। मृतकों में 12 साल की एक लड़की भी शामिल है। शहर के केंद्र के पास हुए विस्फोट से घना काला धुआं उठते देखा जा सकता था।
कीव के महापौर विटाली क्लिट्स्को के अनुसार, रात को शुरू हुए और तड़के बाद भी जारी रहे हमलों में आवासीय इमारतों, नागरिक बुनियादी ढांचे, एक चिकित्सा सुविधा और एक किंडरगार्टन को भी निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि राजधानी में 20 से ज्यादा जगहों पर नुकसान पहुंचा है।
रूसी अधिकारियों ने हमलों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
अंडरपास में फंसी रहीं महिलाएं
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, हवाई हमले की चेतावनी खत्म होने तक ज्यादातर महिलाएं केंद्रीय रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म अंडरपास में इंतजार करती रहीं। बच्चे ऑनलाइन गेम खेलने में जुट गए, जबकि माता-पिता अपने फोन पर खबरें देख रहे थे। स्टेशन पर मौजूद एक महिला, जिसने अपना नाम एरिका बताया, ने कहा कि आसमान एक बार फिर काला हो गया है। ऐसा बहुत बार होता है। ड्रोन हमले से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में, ऊपरी मंजिलों का एक बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया और खिड़कियां उड़ गईं।
