दुनिया

भारत को मिले सुरक्षा परिषद की स्‍थायी सदस्‍यता, मित्र रूस ने UNGA में किया खुला समर्थन

UN General Assembly 2025: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र में रूस ने सुरक्षा परिषद में स्थायी सीटों के लिए भारत और ब्राजील का खुला समर्थन किया। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि हम सुरक्षा परिषद में स्थायी सीटों के लिए भारत और ब्राजील के आवेदन का समर्थन करते हैं।

Image

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव (फोटो साभार: ANI)

Photo : ANI

UN General Assembly 2025: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र में रूस ने शनिवार को सुरक्षा परिषद में स्थायी सीटों के लिए भारत और ब्राजील का खुला समर्थन किया। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि हम सुरक्षा परिषद में स्थायी सीटों के लिए भारत और ब्राजील के आवेदन का समर्थन करते हैं।

लावरोव ने कहा कि सुरक्षा परिषद में सुधार का मुद्दा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। रूस एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के प्रतिनिधित्व के विस्तार के माध्यम से ही इसके लोकतंत्रीकरण का आह्वान करता है। हम परिषद में स्थायी सीटों के लिए भारत और ब्राजील के आवेदन का समर्थन करते हैं। साथ ही अफ्रीका के प्रति ऐतिहासिक अन्याय को उन मानदंडों के भीतर सुधारते हैं जिन पर स्वयं महाद्वीप के देशों ने सहमति व्यक्त की है।

हमले का दिया जाएगा निर्णायक जवाब

इस दौरान लावरोव ने विश्व के नेताओं से कहा कि उनके देश का यूरोप पर हमला करने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन उनके देश (रूस) के खिलाफ किसी भी आक्रमण का करारा जवाब दिया जाएगा।

लावरोव ने यह बात ऐसे समय कही जब नाटो के हवाई क्षेत्र में अनधिकृत उड़ानों को लेकर हाल के सप्ताह में पूरे यूरोप में चिंता उत्पन्न कर दी है। ऐसा विशेष रूप से नाटो जेट विमानों द्वारा पोलैंड के ऊपर ड्रोन मार गिराये जाने और एस्टोनिया के यह कहने के बाद हुआ कि रूसी लड़ाकू विमानों ने उसके क्षेत्र में उड़ान भरी और 12 मिनट तक क्षेत्र में रहे। हवाई क्षेत्र के उल्लंघन के आरोप रूस पर लगाये गए हैं।

रूस ने इससे इनकार किया कि उसके विमानों ने एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया और कहा कि ड्रोन ने पोलैंड को निशाना नहीं बनाया। वहीं, मास्को के सहयोगी बेलारूस ने कहा कि यूक्रेन द्वारा सिग्नल-जाम करने के कारण ड्रोन मार्ग भटक गए। लावरोव ने कहा, ‘‘रूस का यूरोपीय या नाटो देशों पर हमला करने का न तो कभी इरादा रहा है और न ही है। हालांकि, मेरे देश के खिलाफ किसी भी आक्रमण का करारा जवाब दिया जाएगा।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article