दुनिया

तेहरान को नहीं मिलेगा एक भी रुपया! ईरान परमाणु डील पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दुनिया के सामने रखी सच्चाई

Iran US Deal: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ होने वाले संभावित परमाणु समझौते और जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खोलने को लेकर चल रही अफवाहों को खारिज किया है।

Image

ईरान डील की खबरों पर भड़के अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Iran US Deal: अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस (US VP JD Vance) ने शुक्रवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने और जलडमरूमध्य (Strait) को दोबारा खोलने के लिए होने वाले संभावित समझौते को लेकर सोशल मीडिया और अमेरिकी मीडिया में तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। इन सभी खबरों और दावों को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) ने सिरे से खारिज कर दिया है।

जेडी वेंस ने एक के बाद एक कई ट्वीट करके इस डील (Iran nuclear weapons program deal) से जुड़ी अफवाहों पर अपनी बात रखी और साफ किया कि अमेरिका इस मामले में अपने और अपने सहयोगियों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। उपराष्ट्रपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह पिछले कुछ घंटों से इंटरनेट और मीडिया में इस डील को लेकर कई फर्जी जानकारियां और अफवाहें देख रहे हैं।

ईरान को नहीं दी जा रही कोई नकद राशि-जेडी वेंस

अफवाहों को शांत करते हुए जेडी वेंस ने लिखा, "मैं साफ कर देना चाहता हूं कि ईरान को किसी भी तरह का कोई कैश नहीं दिया जा रहा है। सिर्फ किसी बैठक में शामिल होने या समझौते पर हस्ताक्षर कर देने मात्र से ईरान के लिए कोई फंड जारी नहीं किया जाएगा।" उन्होंने आगे समझाया कि इस डील का पूरा ढांचा इस तरह तैयार किया गया है जिसमें अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की चिंताओं और सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा गया है।

अगर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान अपनी सभी शर्तों और जिम्मेदारियों को पूरी तरह निभाता है, तभी उसे और पूरे क्षेत्र को इसका आर्थिक लाभ मिलेगा। वेंस के मुताबिक, इस डील में इतनी ताकत है कि यह पूरे मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) की सूरत बदल सकती है और वहां स्थायी शांति ला सकती है।

वाइस प्रेसीडेंट ने आलोचकों पर साधा निशाना

जेडी वेंस ने उन लोगों पर भी तंज कसा जो बिना किसी पुष्टि के सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर सरकार की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद अजीब है कि जो लोग एक महीने पहले तक डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को एक ऐतिहासिक राष्ट्रपति बता रहे थे, वे आज बिना पुष्टि वाली मीडिया रिपोर्ट्स के दम पर इस डील की आलोचना करने लगे हैं। इसके अलावा, जो लोग कहते हैं कि ईरान की सेना (IRGC) पर भरोसा नहीं किया जा सकता, वे आज सोशल मीडिया पर अज्ञात सूत्रों के हवाले से चल रही खबरों पर आंख बंद करके विश्वास कर रहे हैं।

राष्ट्रपति दिलाएंगे बेहतर नतीजा-वेंस

अपने संदेश के अंत में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अमेरिकी जनता और सहयोगियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी को भी घबराने या अफवाहों में आने की जरूरत नहीं है। राष्ट्रपति हर हाल में देश के लिए एक बेहतरीन और सुरक्षित नतीजा लेकर आएंगे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article