देश

VIDEO: 'प्रदर्शन के साथ खरीदारी भी करें', राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक की रैली से पहले देशवासियों से की खास अपील

Ramlila Maidam Rally: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 'इंडिया' ब्लॉक की रैली से पहले दिल्ली आ रहे लोगों से खास अपील की। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं, जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: INC)

Ramlila Maidam Rally: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'इंडिया' ब्लॉक की ओर से रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली और मार्च से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोगों से खास अपील की। उन्होंने कहा कि देशभर से दिल्ली आने वाले लोग विरोध प्रदर्शन और रैली में शामिल होने के साथ-साथ व्यापारियों की मदद भी करें।

'अफवाह फैला रही भाजपा'

इस दौरान, राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि डरी हुई भाजपा अफवाह फैला रही है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया और देशवासियों को दीवाली की बधाइयां भी दीं। उन्होंने कहा, ''नमस्कार, कल लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं। त्यौहारों का मौसम है। दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है। मैं चाहता हूं, जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें।''

राहुल गांधी ने कहा कि प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए। व्यापारियों का फायदा हो जाएगा। मैं जानता हूं व्यापारियों को रैली नुकसान नहीं पहुंचाएगी। भाजपा डरी हुई है, इसलिए अफवाह फैला रही है। मगर, दोनों काम करते हैं। कल मार्च होगा, रैली होगी और लाखों लोग हमारे व्यापारियों की छोटी-छोटी दुकानों में से सामान खरीदेंगे। आप सबको बहुत-बहुत प्यार। शुभ दिवाली। जय हिंद।

'इंडिया' गठबंधन की रैली

सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के प्रतीकात्मक 'जन महाभियोग' का प्रस्ताव पारित होने के अगले दिन रविवार को यहां रामलीला मैदान में गठबंधन की रैली होगी। रामलीला मैदान में मुख्य मंच के ऊपर विशाल तिरंगा शामियाना लगाया गया है और 'इंडिया' गठबंधन के घटक दलों के प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के बीच विपक्ष मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने की तैयारी में है, जिसके बाद रैली होगी।

विपक्षी गठबंधन का मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से शुरू होगा और रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद रामलीला मैदान में ’इंडिया’ गठबंधन के नेता रैली को संबोधित करेंगे।

भारी सुरक्षा व्यवस्था

रैली के मद्देनजर 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियों को तैनात किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे स्थल को 14 जोन में बांटकर निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article