देश

नवंबर में भी सताएगी गर्मी, देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से ज्यादा रहेगा तापमान, IMD का मासिक पूर्वानुमान जारी

IMD ने अपना मासिक पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें नवंबर में देश में सामान्य से कम बारिश के आसार बताए गए हैं।

Image

IMD का मासिक पूर्वानुमान जारी।

भले ही सर्दियों के आगाज का वक्त हो गया हो, लेकिन देश के ज्यादातर हिस्सों में नवंबर के दौरान भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ये संभावना जताई है। आईएमडी ने अपने मासिक पूर्वानुमान में बड़ा दावा किया है। नवंबर में देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी ज्यादातर क्षेत्रों में सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने महीने के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना भी जताई है।

आईएमडी ने कहा कि हिमालयी राज्यों में कुछ इलाकों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। वहीं, हिमालयी तलहटी के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।

मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में मिल सकती है ठंडक

इसके साथ ही आईएमडी तक नवंबर में देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। हालांकि, मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है। ऐसे में देश के बड़े हिस्से में रात के तापमान में भी अपेक्षित गिरावट नहीं आने के आसार हैं।

नवंबर में सामान्य से कम बारिश के आसार

मौसम विभाग ने नवंबर के दौरान देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया है। हालांकि, मध्य, उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों में बारिश सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक हो सकती है।

IMD के अनुसार, नवंबर में पूरे देश में दीर्घावधि औसत (LPA) की लगभग 77 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। वर्ष 1971 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर नवंबर में देश में बारिश का दीर्घावधि औसत लगभग 29.7 मिलीमीटर है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी नवंबर के दौरान दीर्घावधि औसत की करीब 77 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है। इस क्षेत्र में नवंबर की सामान्य बारिश का दीर्घावधि औसत लगभग 118.7 मिलीमीटर है।

दीर्घावधि औसत यानी LPA किसी क्षेत्र में एक निश्चित अवधि के दौरान दर्ज बारिश का लंबे समय के आंकड़ों के आधार पर निकाला गया औसत होता है। आमतौर पर इसकी गणना 30 से 50 वर्षों के आंकड़ों के आधार पर की जाती है।

प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति मजबूत

मौसम विभाग ने बताया कि भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में फिलहाल बहुत मजबूत अल नीनो की स्थिति बनी हुई है। मॉनसून मिशन कपल्ड फोरकास्ट सिस्टम (MMCFS) और अन्य वैश्विक जलवायु मॉडलों के ताजा पूर्वानुमानों के मुताबिक, नवंबर-दिसंबर के दौरान भी अल नीनो की स्थिति बहुत मजबूत रह सकती है।

अक्टूबर में 1901 के बाद सबसे ज्यादा रहा अधिकतम तापमान

IMD के अनुसार, इस साल अक्टूबर में भारत का औसत अधिकतम तापमान 32.43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 1901 के बाद अक्टूबर महीने का सबसे अधिक औसत अधिकतम तापमान है। अक्टूबर में देश का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 31.37 डिग्री सेल्सियस रहता है।

वहीं, अक्टूबर में औसत न्यूनतम तापमान 20.83 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1901 के बाद इस महीने का पांचवां सबसे अधिक औसत न्यूनतम तापमान है। अक्टूबर का सामान्य औसत न्यूनतम तापमान 20.01 डिग्री सेल्सियस है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article