शहर

उज्जैन के होटल में बड़ा हादसा, वेस्टेज चैंबर की सफाई के दौरान 4 कर्मचारियों की मौत

उज्जैन में देवास रोड स्थित एक होटल के वेस्टेज चैंबर में सफाई के लिए उतरे चार कर्मचारियों की मौत हो गई। बताया गया कि चैंबर की गहराई और उसमें मौजूद गैस के कारण कर्मचारी बाहर नहीं निकल सके।

Image

उज्जैन में होटल के वेस्टेज चैंबर में हादसा

Photo : Times Now Digital

Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई के दौरान चार कर्मचारियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चैंबर में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से कर्मचारियों की दम घुटने से जान गई। वहीं, उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोग भी बीमार हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। एसपी प्रदीप शर्मा और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

सफाई के लिए चैंबर में उतरे थे कर्मचारी

जानकारी के अनुसार, होटल के दायीं ओर मिष्ठान और डेयरी उत्पादों का वेस्टेज जमा करने के लिए चैंबर बना हुआ है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे कुछ कर्मचारी इसकी सफाई करने के लिए अंदर उतरे थे। बताया जा रहा है कि चैंबर की गहराई और उसमें वेस्टेज से बनी गैस की चपेट में आने से कर्मचारी बाहर नहीं निकल पाए। घटना की जानकारी मिलते ही होटल के स्टाफ और अन्य कर्मचारी चैंबर के पास पहुंचे। इसके बाद पुलिस, एम्बुलेंस और बचाव दल को सूचना दी गई। एसपी प्रदीप शर्मा भी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

इलेक्ट्रिक कटर से काटना पड़ा चैंबर

चैंबर की बनावट के कारण कर्मचारियों को बाहर निकालने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में रेस्क्यू टीम ने पहले इलेक्ट्रिक कटर की मदद से चैंबर का एक हिस्सा काटा। इसके बाद अंदर फंसे कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों के निर्देश पर कर्मचारियों को सीपीआर भी दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे में चार कर्मचारियों की मौत हो गई। कुछ अन्य कर्मचारी घायल भी हुए हैं। हादसे के बाद होटल परिसर में रेस्क्यू और राहत का काम देर रात तक जारी रहा।

हादसे में इन चार कर्मचारियों की मौत

  • कमलेश, पिता सोहनलाल, निवासी वाल्मीकि नगर, उज्जैन।
  • नितिन, पिता ताराचन्द, निवासी वाल्मीकि नगर, उज्जैन।
  • वाहिद, निवासी सोमवारिया, उज्जैन।
  • मनोज मीणा, निवासी झालावाड़, राजस्थान।
Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article