Nepal Protest: नेपाल के अपदस्थ प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली काठमांडू छोड़कर किसी और दूसरे देश में शरण नहीं ले पाएंगे। केपी शर्मा ओली सहित पांच नेताओं के काठमांडू छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। यह रोक ऐसे समय पर लगी है जब कुछ हफ्तों पहले प्रदर्शनों के दौरान उनके घरों में बैंक नोटों जलाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
नेताओं की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
सरकार ने वीडियो वायरल होने के बाद नेताओं के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार की जांच शुरू की है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, 8 सितंबर की घटना की जांच कर रही एक उच्च स्तरीय जांच समिति ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली सहित अन्य नेताओं की विदेश यात्रा पर प्रतिबंध और काठमांडू घाटी छोड़ने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
जांच समिति की रविवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि केपी शर्मा ओली, पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक, पूर्व गृह सचिव गोकर्णमणि दुवादी, राष्ट्रीय जांच विभाग के पूर्व प्रमुख हुतराज थापा और काठमांडू के पूर्व मुख्य ज़िला अधिकारी छवि रिजाल को काठमांडू घाटी छोड़ने से पहले अनुमति लेनी होगी, क्योंकि उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
