दुनिया

India Canada Diplomatic Row: कनाडा की हेकड़ी जारी, अब भारत की ट्रैवल एडवाइजरी को किया खारिज

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 21, 2023, 08:32 AM IST

भारत ने कनाडा में बढ़ती भारत विरोधी गतिविधियों और घृणा अपराधों और हिंसा के प्रति नरमी बरते जाने के मद्देनजर अपने नागरिकों से अत्यधिक सावधानी बरतने को कहा।

Image

भारत-कनाडा संबंधों में तनाव

India Canada Diplomatic Row: भारत के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बीच कनाडा की हेकड़ी लगातार जारी है। कनाडा सरकार ने बुधवार को अपने नागरिकों को कनाडा के कुछ हिस्सों का दौरा करने को लेकर भारत की एडवाइजरी को खारिज कर दिया। सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री डोमिनिक लेब्लांक ने रॉयटर्स के हवाले से कहा, कनाडा एक सुरक्षित देश है। भारत ने कनाडा में बढ़ती भारत विरोधी गतिविधियों और घृणा अपराधों और हिंसा के प्रति नरमी बरते जाने के मद्देनजर अपने नागरिकों से अत्यधिक सावधानी बरतने को कहा। एडवाइजरी में भारत विरोधी एजेंडे का विरोध करने वाले भारतीय राजनयिकों और भारतीय समुदाय के वर्गों के लिए खतरों का हवाला दिया गया और उन इलाकों की यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई जहां ऐसी घटनाएं देखी गई हैं।

कनाडा ने भी जारी की थी एडवाइजरी

इससे पहले कनाडाई सरकार ने मंगलवार को अपने नागरिकों से उच्च स्तर की सावधानी बरतने का आग्रह किया था। इसमें कहा गया था, "कुछ सुरक्षा और संरक्षा संबंधी चिंताएं हैं या स्थिति तेजी से बदल सकती है। हर समय बहुत सतर्क रहें, स्थानीय मीडिया पर नजर रखें और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।"

दोनों देशों के बीच कूटनीतिक टकराव मंगलवार को तब शुरू हुआ जब कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया कि कनाडाई सुरक्षा एजेंसियों के पास विश्वसनीय सबूत हैं कि जून में सरे में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत के एजेंटों का हाथ है। भारत ने आरोपों का खंडन किया है और इन्हें बेतुका और प्रेरित बताया है। इसे लेकर दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। कनाडा ने इस संबंध में अमेरिका से भी साथ देने को कहा जिसके बाद बाइडन प्रशासन ने मामले की जांच की वकालत की।

जी-20 से पहले भी हुई चर्चा

द वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, 18 जून को कनाडाई नागरिक हरदीप निज्जर की कथित हत्या के बाद नई दिल्ली में सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले के हफ्तों में पांच देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच पर्दे के पीछे चर्चा हुई थी। हालांकि, शिखर सम्मेलन से पहले इसका कोई सार्वजनिक जिक्र नहीं किया गया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की संसद में विश्वसनीय आरोपों की घोषणा से भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों में बड़ी दरार आई है, जिसके बाद ओटावा में एक भारतीय राजनयिक को निष्कासित कर दिया गया।

ट्रूडो ने कहा, निज्जर हत्याकांड की हो रही जांच

पीएम ट्रूडो ने सोमवार को कहा कि कनाडाई सुरक्षा एजेंसियां भारत सरकार के एजेंटों और कनाडाई नागरिक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बीच संभावित संबंध के विश्वसनीय आरोपों की जांच कर रही है। हालांकि, भारत ने मंगलवार को खालिस्तान टाइगर फोर्स के प्रमुख और ईनामी आतंकवादी खालिस्तान नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों के शामिल होने के कनाडा के आरोपों को खारिज कर दिया।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article