गोवा का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में समुद्र, बीच और खूबसूरत नजारों की तस्वीर आती है लेकिन गोवा में एक ऐसी जगह भी है, जहां पहुंचने का सफर किसी रोमांचक फिल्म जैसा लगता है। यह जगह है दूधसागर फॉल्स, जो पश्चिमी घाट के घने जंगलों के बीच मौजूद है। दूधसागर फॉल्स को देखने के लिए पहुंचने वाला हर व्यक्ति यहां की खूबसूरती देखकर हैरान रह जाता है।
24 KM पैदल चलकर पहुंचते हैं इस जन्नत में
ऊंचाई से गिरता पानी दूर से ऐसा दिखाई देता है, जैसे पहाड़ से दूध की धारा बह रही हो। यही वजह है कि इसे दूधसागर यानी ‘दूध का सागर’ कहा जाता है लेकिन इस खूबसूरत जगह तक पहुंचना इतना आसान नहीं है। यहां पहुंचने के लिए करीब 24 किलोमीटर का ट्रेक करना पड़ता है। रास्ते में घने जंगल, छोटी-बड़ी धाराएं, पत्थरीले रास्ते और कई मुश्किल चढ़ाई वाले हिस्से मिलते हैं। यानी यह सफर सिर्फ किसी खूबसूरत झरने को देखने का नहीं, बल्कि एक रोमांचक एडवेंचर का भी हिस्सा बन जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
जंगल के बीच झरना और बगल से गुजरती ट्रेन
जैसे-जैसे लोग जंगल के रास्ते आगे बढ़ते हैं, आसपास का नजारा और भी शानदार होता जाता है। चारों तरफ हरियाली, पेड़ों से आती ठंडी हवा और रास्ते में बहता पानी सफर की थकान को काफी हद तक कम कर देता है। लेकिन इस पूरी यात्रा का सबसे खास पल तब आता है, जब सामने दूधसागर का विशाल झरना दिखाई देता है। पहाड़ से तेज रफ्तार में नीचे गिरता पानी और उसके आसपास फैली हरियाली किसी फिल्म के दृश्य जैसी लगती है।
सफर मुश्किल लेकिन यादगार
इस जगह की सबसे खास बात सिर्फ झरना ही नहीं है। यहां से रेलवे ट्रैक भी गुजरता है और झरने के बिल्कुल पास से ट्रेन गुजरती हुई दिखाई देती है। एक तरफ पहाड़ से गिरता सफेद पानी और दूसरी तरफ ट्रैक पर दौड़ती ट्रेन यह नजारा देखने वालों के लिए बेहद यादगार बन जाता है। यही वजह है कि दूधसागर फॉल्स एडवेंचर को पसंद करने वाले लोगों के बीच हमेशा खास होता है। यहां का सफर भले ही आसान नहीं हो, लेकिन 24 किलोमीटर की मेहनत के बाद मिलने वाला नजारा इस पूरी यात्रा को यादगार बना देता है। दूधसागर सिर्फ एक झरना नहीं, बल्कि जंगल, पहाड़, पानी और ट्रेन के अनोखे मेल से बना ऐसा नजारा है, जिसे देखने के बाद लंबे समय तक भुलाना मुश्किल होता है।
गोवा का ये झरना किसी सपने से कम नहीं
वायरल वीडियो (Viral Video) में दूधसागर फॉल्स की खूबसूरती देखने को मिल रही है। जिसे देखने के बाद आपका मन मंत्रमुग्ध हो जाएगा। वीडियो में आप देख सकते हैं कि दूध की सफेदी लिए झरने का पानी लगातार गिरते जा रहा है। इधर, पटरी से गुजरती ट्रेन को देख ऐसा लग रहा है जैसे प्रकृति ने इस झरने के साथ-साथ ट्रेन और उसकी पटरियों को भी इंसानों के लिए ही बनाया है। यह पूरा नजारा किसी सुंदर सपने की तरह लगता है।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @firangi_photowala नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां लोग इस नजारे की खूबसूरती की तारीफ करते थक नहीं रहे। कई लोगों ने यह भी कहा कि प्रकृति ने जिस तरह इस धरती को संवारा है, वह देख यह कहा जा सकता है कि स्वर्ग इस धरती पर ही मौजूद है और इससे ज्यादा जादुई कछ नहीं हो सकता।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
