वायरल न्यूज़

जब दूसरों की जान बचाने के लिए दो भाइयों ने दांव पर लगा दी अपनी जिंदगी, Video देख आप भी करेंगे वाहवाही

बांध के खतरनाक पानी में फंसी लड़की की जान बचाने के लिए दो भाइयों ने इंसानी जंजीर बनाकर अपनी जान जोखिम में डाल दी। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

तेज बहाव वाले पानी में फंसी लड़की को बचाते हुए दिखे युवक (Instagram/@hasleyoriginals)

कभी-कभी जिंदगी में ऐसे पल आते हैं जो हमें यह याद दिलाते हैं कि इंसानियत आज भी जिंदा है। हाल ही में एक खतरनाक बांध के पास एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला नजारा देखने को मिला, जहां पानी के तेज बहाव में फंसी एक लड़की की जान बचाने के लिए दो अनजान भाइयों ने अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

अचानक बदला माहौल और बढ़ता रहा खतरा

वीडियो (Video) में बांध के पास पानी का बहाव बेहद तेज दिख रहा है। तभी वहां अचानक एक लड़की पानी की जबर्दस्त धार की चपेट में आ गई और बीच मझधार में फंस गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि लड़की खुद को संभाल भी नहीं पा रही थी। पल-पल बीतने के साथ खतरा और भी बढ़ते जा रहा था और एक सेकंड की भी देरी उसकी जान ले सकती थी। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने में खुद को असहाय महसूस कर रहे थे, क्योंकि इस उफनते पानी में जाना सीधे मौत को बुलावा देने जैसा था।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

दो भाइयों ने दिखाई बहादुरी और समझदारी

लड़की को इस तरह छटपटाते और मदद के लिए पुकारते देख वहां मौजूद दो भाइयों ने बिना अपनी परवाह किए आगे बढ़ने का फैसला किया। उन्होंने लड़की को बचाने के लिए केवल भावुक होकर जल्दबाजी नहीं दिखाई, बल्कि गजब की समझदारी भी दिखाई। तेज बहाव में अकेले जाना खुद को मुसीबत में डालना होता इसलिए दोनों भाइयों ने एक-दूसरे का हाथ मजबूती से थामा और वहां मौजूद लोगों की मदद से एक इंसानी जंजीर (Human Chain) बना ली। इस तरीके से उन्होंने पानी के भारी दबाव के बावजूद अपना संतुलन बनाए रखा।

मौत के मुंह से खींच लाए जिंदगी

पानी की थपेड़ों और तेज धार का सामना करते हुए, वे दोनों धीरे-धीरे उस लड़की तक पहुंचे। ऐसे में उनका एक भी गलत कदम उन तीनों की जान ले सकता था लेकिन उनके अटूट हौसले, सटीक तालमेल और बहादुरी के सामने पानी की ताकत भी कम पड़ गई। उन्होंने लड़की को मजबूती से पकड़ा और खींचकर सुरक्षित किनारे पर ले आए।

इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म

इस वायरल वीडियो (Viral Video) की सबसे खास बात यह थी कि वे दोनों भाई उस लड़की को जानते तक नहीं थे। उनके बीच कोई रिश्ता नहीं था, लेकिन जब उन्होंने किसी को मुसीबत में देखा, तो मदद करने के लिए केवल "इंसानियत" ही उनके लिए काफी थी। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @hasleyoriginals नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो (Video) को देखने के बाद लोग उन दोनों भाइयों की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article