वायरल न्यूज़

VIDEO: 9 मिनट तक खिड़की से लटकी रही मासूम, नीचे खड़े शख्स ने कैच कर बचाई जान, बोला- क्रिकेट की प्रैक्टिस आई काम

एक तीन साल की बच्ची को खिड़की के छज्जे से लटका देख नीचे खड़े लोग घबरा गए। बच्ची कम से कम नौ मिनट तक छज्जे से लटकी रही। गनीमत रही कि बच्ची को बचाने के लिए एक शख्स सामने आया।

Image

खिड़की के बाहर बालकनी के छज्जे से लटकी बच्ची (Instagram/@Timesnow)

वायरल न्यूज (Viral News): सोशल मीडिया पर इस वक्त एक वीडियो (Video) काफी तेजी से सर्कुलेट हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि छोटी सी बच्ची खिड़की के बाहर बालकनी से नीचे लटक रही है। बच्ची को बचाने के लिए नीचे पुलिस अधिकारी मौजूद है। तभी एक शख्स भी मदद के लिए वहां आता है और बच्ची को बचाने की कोशिश में लग जाता है। जैसे ही बच्ची का हाथ उस बालकनी से छूटता है और वह नीचे गिरती है, वह शख्स तुरंत हाथ आगे कर उसे फट से कैच कर लेता है। पास खड़ा पुलिस अधिकारी भी इस दौरान जेसिल को संभालते नजर आता है।

खिड़की की बालकनी से नीचे लटक रही थी बच्ची

'द मेट्रो' न्यूज वेबसाइट के अनुसार, दिल को दहला देने वाला यह मामला लंदन के इलफोर्ड (Ilford) के हाई रोड इलाके का बताया जा रहा है। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि एक दुकान के ऊपर बने फ्लैट की खिड़की से एक तीन साल की बच्ची खिड़की के बाहर लटकी हुई थी। बच्ची करीब 9 मिनट तक खिड़की से लटकी रही और उसकी जान खतरे में थी। नीचे खड़े लोग यह नजारा देखकर घबरा गए। बच्ची किसी भी तरह खिड़की को पकड़े हुए थी, लेकिन उसकी पकड़ धीरे-धीरे कमजोर हो रही थी।

हीरो बनकर आया शख्स

ऐसे में हर सेकंड लोगों की सांसें अटकी हुई थीं। इसी बीच वहां एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले स्थानीय निवासी मोहम्मद जेसिल (Mohamed Jesil) और एक पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। जैसे ही बच्ची का हाथ छूटने लगा, नीचे खड़े लोगों ने जल्दी से एक सीढ़ी का इंतजाम किया। जब बच्ची का हाथ खिड़की की बालकनी से छूटा तो उसी पल मोहम्मद जेसिल ने फुर्ती दिखाते तुरंत उस बच्ची को हवा में ही लपक लिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े:

क्रिकेट प्रैक्टिस ने बचाई जान

इस घटना के बाद जेसिल ने बताया कि जब वे भारत में थे, तब वे क्रिकेट खेलते थे और उसी क्रिकेट खेलने का अनुभव आज उनके काम आया। इसी अनुभव के चलते उन्होंने बिल्कुल सही समय पर बच्ची को कैच कर लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि जेसिल ने बच्ची को कैसे कैच किया और पास खड़े पुलिस अधिकारी ने भी उन्हें संभाला। बच्ची की जान बचने के बाद नीचे खड़ी भीड़ ने राहत की सांस ली।

बच्ची सुरक्षित, परिवार ने जताया आभार

इस घटना में सबसे अच्छी बात यह रही कि इस दौरान बच्ची को कोई चोट नहीं आई। बच्ची के पिता ने पुलिस और जेसिल को हीरो बताया और उनका धन्यवाद किया। पुलिस के मुताबिक, उन्हें दोपहर 3:23 बजे कॉल मिली थी और 3:32 बजे तक बच्ची को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article