हमारे देश की पुलिस लोगों की सेवा में सदैव तत्पर रहती है। नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस दिन-रात एक कर मेहनत करती है। ताकि लोग चैन की सांस ले सकें और बहुत ही आराम से अपने घरों में रह सकें। पुलिस की बहादुरी और उनकी मुस्तैदी की तारीफ जितनी की जाए उतनी कम है। हाल में पुलिस की सेवा का एक ऐसा ही वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसे देखने के बाद लोग उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं।
ऋषिकेश घूमने आई विदेशी महिला का खोया बैग
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को उत्तराखंड पुलिस ने सोशल साइट एक्स पर अपने ऑफिशियल अकाउंट से शेयर किया है। जिसमें उनकी ईमानदारी और इंसानियत की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिल रही है। जिसे देखने के बाद वीडियो ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया। वीडियो के कैप्शन में उत्तराखंड पुलिस ने बताया कि ऋषिकेश घूमने आई एक विदेशी महिला का बैग अचानक कहीं खो गया, जिसमें उसका मोबाइल फोन, पासपोर्ट जैसे जरूरी दस्तावेज और कुछ पैसे थे। इस स्थिति में फंसी वह विदेशी महिला घबरा गई। जब उसे कुछ समझ नहीं आया तो वह अपनी मदद के लिए पुलिस के पास पहुंची। जिसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने बिना देर किए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले को बहुत ही गंभीरता से लिया और तमाम खोजबीन के बाद पुलिस ने आखिरकार महिला का बैग ढूंढ ही निकाला।
ये भी पढ़ें:
महिला ने गले लगाकर कहा पुलिस को धन्यवाद
बैग मिलने के बाद जब पुलिस ने उसे उस महिला को सौंपा तो अपना बैग पाकर वह महिला भावुक हो गई और उसने अपने हाथ जोड़कर उत्तराखंड की पुलिस को धन्यवाद कहा। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि महिला वहां पर खड़े एक पुलिस जवान को गले भी लगा रही है और उसे गले लगाते हुए धन्यवाद कह रही है। महिला के लिए खुशी का यह पल सबके लिए बहुत ही खास बन गया।
पुलिस की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं लोग
सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो (Video) को देखने के बाद उत्तराखंड पुलिस की तारीख करते थक नहीं रहे हैं। जहां कोई पुलिस को रियल हीरो बता रहा है तो कोई पूरी दुनिया के सामने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा करने के लिए उत्तराखंड की पुलिस को धन्यवाद कह रहा है। फिलहाल पुलिस का यह वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को अब तक करीब 4 लाख लोगों ने देखा और 11 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
