वायरल न्यूज़

VIDEO: पंडाल ही नहीं, फ्लाईओवर भी हुए खूबसूरत! कोलकाता में दुर्गा पूजा का अनोखा रंग देख मन हो जाएगा गदगद

दुर्गा पूजा 2026 से पहले कोलकाता के फ्लाईओवर नारंगी, गुलाबी और पीले रंगों से सजाए जा रहे हैं। पारंपरिक बंगाली अल्पना डिजाइन से शहर का खूबसूरत रूप सोशल मीडिया पर वायरल है।

Image

दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता की सजावट (Instagram/X/@ImAbhishek7_/@bangali_ana)

सोचिए, आप सड़क पर गाड़ी लेकर जा रहे हों और अचानक सामने रंग-बिरंगे फ्लाईओवर दिखाई देने लगें। नारंगी, गुलाबी और पीले रंगों से सजे ये फ्लाईओवर किसी खूबसूरत पेंटिंग जैसे नजर आएं, तो नजारा कैसा होगा? पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में इन दिनों कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। दुर्गा पूजा से पहले शहर के फ्लाईओवर को खास अंदाज में सजाया जा रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब वायरल हो रहा है।

फ्लाईओवर पर दिख रही रंगों की बहार

दुर्गा पूजा बंगाल का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। इस दौरान कोलकाता की गलियां, बाजार और पूजा पंडाल रंगों और रोशनी से सज जाते हैं लेकिन इस बार शहर के फ्लाईओवर भी उत्सव के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से शुरू की गई इस पहल के तहत कई प्रमुख फ्लाईओवर पर चमकीले रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इनमें नारंगी, गुलाबी और पीले जैसे रंग शामिल हैं। इन रंगों ने कंक्रीट से बने सामान्य फ्लाईओवर को एक अलग ही रूप दे दिया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

अल्पना डिजाइन ने बढ़ाई खूबसूरती

इस सजावट की खास बात सिर्फ रंग नहीं, बल्कि पारंपरिक बंगाली कला अल्पना भी है। अल्पना एक पारंपरिक लोक कला है, जिसमें सुंदर आकृतियां और सजावटी डिजाइन बनाए जाते हैं। इसे आमतौर पर त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान चावल के घोल से बनाया जाता है। अब इसी पारंपरिक कला की झलक कोलकाता के सार्वजनिक स्थानों पर भी देखने को मिल रही है। फ्लाईओवर और चौराहों पर बनाए जा रहे डिजाइन शहर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ बंगाल की संस्कृति को भी सामने ला रहे हैं।

गरियाहाट से चिंघरीघाटा तक दिखा नया रूप

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में गरियाहाट और चिंघरीघाटा फ्लाईओवर पर चल रहा पेंटिंग का काम देखा जा सकता है। एक वीडियो में व्लॉगर बाइक से गरियाहाट फ्लाईओवर पर जाता है और वहां हो रहे बदलाव को रिकॉर्ड करता है। वीडियो (Video) में फ्लाईओवर का एक हिस्सा रंगा हुआ नजर आता है, जबकि दूसरे हिस्से में काम जारी दिखाई देता है। वहीं, चिंघरीघाटा फ्लाईओवर की ऊपर से ली गई तस्वीरों और वीडियो में रंगों की खूबसूरत पट्टियां दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा पार्क सर्कस कनेक्टर के नीचे और गरिया मोड़ जैसे स्थानों पर भी अल्पना डिजाइन बनाए जा रहे हैं।

लोगों को पसंद आ रहा शहर का नया अंदाज

इस बदलाव को देखकर सोशल मीडिया पर लोग कोलकाता की खूबसूरती की तारीफ कर रहे हैं। शहर के रोजमर्रा के रास्तों को त्योहार से जोड़ने की यह कोशिश लोगों को पसंद आ रही है। राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने गरियाहाट ब्रिज पर चल रहे काम का निरीक्षण करते हुए इसे लोगों के प्रति प्यार और विश्वास से जुड़ी पहल बताया। उन्होंने रेड रोड और घाटों जैसे अन्य सजाए गए सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों को जाने के लिए प्रोत्साहित किया।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article