Pilibhit Firing News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर हुआ विवाद खूनी रूप में बदल गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक पक्ष की ओर से कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस घटना में तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। वारदात के बाद कस्बे में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रामलीला मेला कमेटी के लेन-देन और हिसाब-किताब को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। रात में हुई कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई और एक पक्ष की ओर से रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई।। इसमें चार लोगों को गोली लगी। सिर में गोली लगने से 14 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव और कंधे में गोली लगने से अंकित गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। अंकित के भाई मोहित गुप्ता को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
गोलीबारी की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने कुनाल श्रीवास्तव और अंकित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए बरेली भेजा गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। हालांकि, विवाद और गोलीबारी में उनकी कथित भूमिका को लेकर जांच जारी है।
कस्बे और जिला अस्पताल में पुलिस तैनात
तीन लोगों की मौत के बाद अमरिया कस्बे में तनाव की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला अस्पताल में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस पूरी मामले की जांच कर रही है।
