आमतौर पर लोग अपनी प्रेमिका को प्रपोज करने के लिए खूबसूरत जगह, मोमबत्ती की रोशनी या किसी खास डिनर का प्लान बनाते हैं लेकिन इंग्लैंड के एक शख्स ने अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज करने के लिए ऐसी जगह चुनी, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। उसने शार्क से भरे पानी के टैंक के अंदर अपनी प्रेमिका के सामने शादी का प्रपोजल रखा। इस अनोखे प्रपोजल की एक तस्वीर सोशल मीडिया (Social Media) पर इस वक्त खूब वायरल हो रही है।
पानी और शार्क के बीच मिला अनोखा प्रपोजल
इस खास प्रपोजल पाने वाली महिला का नाम पेज कुक है। जिसके बॉयफ्रेंड जेम्स वॉश ने बिल्कुल ही अलग अंदाज में उन्हें प्रपोज किया। यह कपल इंग्लैंड के लिंकनशायर में स्केगनेस एक्वेरियम पहुंचा था। जहां दोनों शार्क के साथ स्कूबा डाइविंग करने वाले थे। पेज को शार्क बेहद पसंद हैं, इसलिए जेम्स ने सोचा कि अगर उन्हें प्रपोज करना है तो इससे खास जगह शायद ही कोई और होगी। जेम्स ने इस सरप्राइज की तैयारी पहले से कर रखी थी। उन्होंने एक्वेरियम के स्टाफ से संपर्क किया और अपनी पूरी प्लानिंग के बारे में बताया। स्टाफ ने भी जेम्स का पूरा साथ दिया। यहां तक कि प्रपोजल के लिए एक खास साइन भी तैयार किया गया, जिस पर लिखा था, “क्या तुम मुझसे शादी करोगी?”
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
स्कूबा डाइविंग के बीच मिला शादी का सरप्राइज
10 सितंबर को दोनों स्कूबा डाइविंग के लिए पानी के अंदर उतरे। आसपास शार्क तैर रही थीं और दोनों इस खास अनुभव का आनंद ले रहे थे। तभी एक्वेरियम स्टाफ ने दोनों को बाकी लोगों से थोड़ा अलग कर दिया। इसके बाद जेम्स ने पानी के अंदर घुटने के बल बैठकर वह खास साइन पेज के सामने कर दिया। पेज के लिए यह पूरी तरह से सरप्राइज था। अचानक सामने शादी का प्रपोजल देखकर वह हैरान रह गईं। उन्होंने अपने हाथ से अपना स्कूबा मास्क ढक लिया। कुछ पल बाद उन्होंने हाथ के इशारे से ‘हां’ कह दिया। इसके बाद दोनों ने पानी के अंदर एक-दूसरे को गले लगाया।
ऐसा प्रपोजल शायद ही देखा होगा आपने
इस पूरे पल के दौरान उनके आसपास शार्क भी तैर रही थीं। यही वजह है कि यह प्रपोजल बेहद अलग और यादगार बन गया। पेज ने बताया कि वह इस सरप्राइज से पूरी तरह हैरान थीं। उन्होंने कहा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे अच्छा दिन था। उन्हें पहले से ही स्कूबा डाइविंग और शार्क के साथ तैरने का सपना था, लेकिन प्रपोजल (Proposal) ने इस अनुभव को और खास बना दिया। स्केगनेस एक्वेरियम ने भी सोशल मीडिया पर इस खास पल की तस्वीर शेयर करते हुए कपल को बधाई दी। एक्वेरियम के स्टाफ के मुताबिक, शार्क के साथ डाइविंग अपने आप में रोमांच से भरा अनुभव है और उसके बीच शादी का प्रपोजल इसे और यादगार बना देता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
