भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एसयूवी की बढ़ती मांग को देखते हुए मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) अपनी नई गाड़ियों पर तेजी से काम कर रही है। कंपनी अगले पांच साल में सात नई SUV लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही कंपनी का फोकस एक्सपोर्ट बढ़ाने, प्रोडक्शन क्षमता मजबूत करने और अलग-अलग पावरट्रेन विकल्प पेश करने पर भी है। इसी रणनीति के तहत कंपनी एक नई माइक्रो SUV तैयार कर रही है, जिसका कोडनेम Y43 बताया जा रहा है।
मारुति इग्निस की ले सकती है जगह
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारुति सुजुकी की नई माइक्रो SUV को फ्रोंक्स से नीचे पोजिशन किया जाएगा। इसे कंपनी की बंद हो चुकी इग्निस के विकल्प के तौर पर भी पेश किया जा सकता है। इस गाड़ी के जरिए कंपनी उन ग्राहकों को टारगेट करेगी, जो कम बजट में कॉम्पैक्ट SUV जैसी डिजाइन वाली कार खरीदना चाहते हैं। लॉन्च होने के बाद इसका मुकाबला टाटा पंच और हुंडई एक्सटर से होगा। इस कार के 2027 में बाजार में आने की उम्मीद है।
मिलेगा बॉक्सी SUV डिजाइन
नई मारुति Y43 के डिजाइन और एक्सटीरियर को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, उम्मीद है कि इसमें बॉक्सी और अपराइट डिजाइन देखने को मिलेगा। इसमें फ्लैट बोनट, स्पोर्टी बंपर, बड़े व्हील आर्च, ब्लैक बॉडी क्लैडिंग और LED लाइटिंग एलिमेंट्स मिल सकते हैं। इसके अलावा अलॉय व्हील्स और बेहतर ग्राउंड क्लीयरेंस भी दिया जा सकता है। इस डिजाइन से कार को SUV जैसा लुक मिलने के साथ केबिन में अच्छा हेडरूम मिलने की उम्मीद है।
फीचर्स और सेफ्टी पर रहेगा फोकस
फीचर्स की बात करें तो मारुति की इस माइक्रो SUV में टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील और हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट मिल सकती है। इसके अलावा हायर वेरिएंट में रियर कैमरा, सनरूफ और पार्किंग असिस्टेंस जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं।
सेफ्टी के लिए इसमें छह एयरबैग, ABS के साथ EBD, रियर पार्किंग सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड असिस्ट और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट मिलने की संभावना है।
पेट्रोल और CNG इंजन का विकल्प
इंजन के मामले में नई Y43 में स्विफ्ट वाला 1.2-लीटर Z12E तीन-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिल सकता है। वहीं, फ्रोंक्स का 1.0-लीटर बूस्टरजेट टर्बो पेट्रोल इंजन भी दिए जाने की चर्चा है। इसके अलावा फैक्ट्री फिटेड CNG विकल्प भी मिल सकता है। ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है।
5 लाख रुपये से शुरू हो सकती है कीमत
कीमत की बात करें तो नई मारुति माइक्रो SUV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 5 लाख से 6.50 लाख रुपये हो सकती है। वहीं, इसके टॉप वेरिएंट की कीमत करीब 10 लाख रुपये तक जाने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी कीमत और लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
