नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की सह-मालकिन जूही चावला के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के कार्यक्रम में बदलाव करके इसे जनवरी में शुरू करने के विचार का समर्थन किया है। जूही चावला ने कहा था कि आईपीएल को मार्च के आखिर के बजाय जनवरी में शुरू करना चाहिए।
जनवरी में IPL के आगाज पर नहीं है आपत्ति
वाडिया ने इस पर प्रतिक्रिया करते हुए पीटीआई से कहा कि अगर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट कैलेंडर में आईपीएल के लिए ’विंडो’ मिलती है तो उन्हें इसके कार्यक्रम में बदलाव करने में किसी तरह की आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा,'अगर इसके लिए विंडो (जब घरेलू या अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट नहीं खेले जा रहे हों) मिलती है तो ऐसा करना अच्छा होगा। मार्च-मई में थोड़ी गर्मी भी पड़ती है। कभी-कभी बारिश भी हो जाती है। लेकिन यह ’विंडो’ मिलने पर निर्भर है। आईपीएल सबसे बड़ी लीग है और अगर समय इजाजत देता है तो ऐसा करने में किसी तरह की परहेज नहीं होनी चाहिए।'
विंडो बदलने से बढ़ा सकते हैं सत्र
वाडिया ने कहा,'इससे हम आईपीएल का सत्र भी बढ़ा सकते हैं लेकिन कई अन्य चीज भी हैं जिन पर ध्यान देना होगा। जैसे कि एसएमएटी (सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी), रणजी ट्रॉफी, अन्य टूर्नामेंट, घरेलू क्रिकेट। हमें अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर (ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के घरेलू सत्र) को भी ध्यान में रखना होगा। लेकिन इसे एक अलग नजरिए से देखना अच्छा विचार है। हम इस बारे में कई वर्षों से बात करते रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो बहुत अच्छा होगा। अगर ऐसा नहीं हो पाता है तो हम पूर्व की तरह ही इसका आयोजन करते रहेंगे। लेकिन अगर संभव हो तो आईपीएल के लिए लंबी अवधि की ’विंडो’ होनी चाहिए। हम चाहते हैं कि आईपीएल लंबे समय तक चलता रहे।'
टीमों की संख्या बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं वाडिया
आईपीएल में ’मीडिया राइट्स चक्र 2028’ से शुरू होने पर मैचों की संख्या मौजूदा 74 से बढ़कर 94 होने की संभावना है। वाडिया निकट भविष्य में टीमों की संख्या बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि फिलहाल 10 टीम ही सही हैं।'
