भारत विदेशियों के लिए हमेशा से ही पसंदीदा जगह रहा है। यहां हर साल लाखों विदेशी पर्यटक घूमने आते हैं। ऐसी ही एक विदेशी महिला पर्यटक भारत घूमने आई और उसे भारत का यह राज्य इतना पसंद आया कि वह यहीं पर बसने का ख्वाब देखने लगी। इस विदेशी पर्यटक का नाम अमीना है और वे रूस की रहने वाली हैं। अमीना अब तक कई देशों में घूम चुकी हैं, लेकिन भारत का यह राज्य उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया। अमीना ने इसके पीछे उस राज्य की शांति, सफाई, लोगों का व्यवहार और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता को बताया। उन्होंने इसका जिक्र करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी शेयर किया जिसमें उन्होंने इस राज्य को अपना फेवरेट जगह बताया।
किया कई राज्यों का भ्रमण लेकिन केरल बना फेवरेट
सोशल मीडिया पर शेयर की गई उनकी पोस्ट अब वायरल हो रही है। उनके इस पोस्ट को अब तक 5 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और हजारों ने लाइक किया है। अमीना हाल में ही भारत यात्रा पर आई थीं। इस दौरान उन्होंने कई राज्य घूमे। उन्होंने बताया कि ज्यादातर जगहों पर अच्छे लोग और अनुभव मिले, लेकिन केरल ने कुछ अलग ही जादू बिखेरा। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "भारत के अन्य हिस्सों में गंदगी का ढेर दिखा, लेकिन केरल में सफाई कमाल की है।" उन्होंने कहा कि इस राज्य की जैव विविधता, हरे-भरे जंगल और बैकवाटर्स ने उनका दिल जीत लिया।
धार्मिक सद्भाव और संस्कारों की भी तारीफ
अमीना ने कहा कि यहां लोग प्रकृति का सम्मान करते हैं, जिसकी वजह से हर जगह डस्टबिन उपलब्ध हैं और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया जाता है। उन्होंने केरल की तारीफ करते हुए इस राज्य को शिक्षा और संस्कारों का संगम बताया। उन्होंने लिखा, "यहां मस्जिद, मंदिर और चर्च सब साथ-साथ हैं। शांत वातावरण में हर धर्म के लोग मिल-जुलकर रहते हैं।" राज्य की यह खूबी उन्हें इतनी पसंद आई कि उन्होंने भारत को 'भगवान का देश' कहा। अमीना की पोस्ट पर सैकड़ों कमेंट आए, जिनमें कई विदेशी पर्यटकों ने उनकी बात से सहमति जताई। कुछ ने तो केरल को दुनिया का सबसे खूबसूरत और स्वच्छ राज्य बताया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
