Kal Ka Mausam 13 October 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कहीं बारिश और गरज-चमक की संभावना है, तो कहीं तेज हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा अब 27.0° उत्तरी अक्षांश और 90.5° पूर्वी देशांतर से होते हुए कोलकाता, अंगुल, खम्मम और होनावर से गुजर रही है। इसके बाद यह रेखा 14.0° उत्तरी अक्षांश और 73.0° पूर्वी देशांतर तक पहुंच रही है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में कई वेदर सिस्टम सक्रिय हैं, जिनका असर मौसम पर देखने को मिल सकता है।
उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के रूप में मौजूद है। वहीं, दक्षिण बांग्लादेश और उससे सटे गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के ऊपर निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक उत्तरी ओडिशा, झारखंड और दक्षिण-पश्चिमी बिहार होते हुए एक ट्रफ रेखा गुजर रही है। पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी तरह, मन्नार की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण तमिलनाडु तट के ऊपर भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इस बीच, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों तक फैला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके प्रभाव से 13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की संभावना है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में बीती रात गरज-चमक के साथ हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला और तापमान में गिरावट आई। वहीं, कल 13 अक्टूबर को राजधानी में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास बने रहने की संभावना है। हवाओं की बात करें तो सुबह दक्षिण-पूर्व दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है। दोपहर के समय हवा की दिशा उत्तर-पूर्व हो जाएगी और इसकी गति 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। शाम और रात में एक बार फिर दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
पंजाब और हरियाणा में बारिश की संभावना
वहीं पंजाब और हरियाणा की बात करें तो दोनों राज्यों में कल कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, 14 और 15 अक्टूबर को भी दोनों राज्यों में कई जगहों पर बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 से 15 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। 13 से 15 अक्टूबर के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हालांकि, राज्य के सभी इलाकों में बारिश होने का अनुमान नहीं है और इसका असर अलग-अलग स्थानों पर देखने को मिल सकता है।
क्या बिहार में बारिश होगी?
बिहार में इस हफ्ते मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। IMD का कहना है कि, 16 से 18 अक्टूबर के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि राज्य के सभी इलाकों में एक साथ बारिश होने का अनुमान नहीं है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक बिहार के मौसम पर नजर बनी रहेगी।
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में जारी रहेंगी बारिश की गतिविधियां
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में 14 से 17 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, असम और मेघालय में 13 से 18 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 16 अक्टूबर के बीच बारिश के आसार हैं। इन चारों राज्यों में 13 और 14 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल
पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 से 16 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। यहां 13 से 15 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि 14 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 13 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में 13 से 17 अक्टूबर के दौरान कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। राज्य में 14 और 15 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, 13 से 15 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है। उत्तराखंड में 13 से 18 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 15 अक्टूबर को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दक्षिण भारत में बढ़ेगा बारिश का दौर
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 13 से 18 अक्टूबर के दौरान बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 से 18 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 13 से 14 अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि 15 से 18 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 13 से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, रायलसीमा में 13 से 16 और फिर 17 से 18 अक्टूबर के दौरान बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 13 से 18 अक्टूबर तक, जबकि तटीय कर्नाटक और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 15 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश के आसार हैं। तेलंगाना में 15 से 18 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे और रायलसीमा में 15 और 16 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 से 18 अक्टूबर और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 16 से 18 अक्टूबर तक भी तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 से 16 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक हो सकती है। इसके अलावा, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में 15 से 18 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। तटीय कर्नाटक में 17 और 18 अक्टूबर, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 16 से 18 अक्टूबर तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 14 से 17 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है। रायलसीमा में 14 से 16 अक्टूबर के बीच भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 13 से 16 अक्टूबर तक तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।
