मुंबई में सीईसी के खिलाफ सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए अभिनेता इमरान खान की नागरिकता को लेकर नया शिगूफा सामने आया है। भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद अभिनेता ने विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया। साथ ही उन्होंने मुंबई पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इतना ही नहीं सोमैया ने यह भी कहा कि इमरान खान को तत्काल देश से निर्वासित किया जाए।
किरीट सोमैया ने इस संबंध में मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार शर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने पुलिस से पूछा है कि क्या इमरान खान को प्रदर्शन में शामिल होने की कानूनी अनुमति थी। सोमैया ने यह भी जानना चाहा कि क्या अभिनेता ने इस तरह के आंदोलन में भाग लेने के लिए जरूरी अनुमति ली थी। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने और उचित कदम उठाने की अपील की है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया
बता दें कि अभिनेता इमरान खान को शनिवार को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था। इस दौरान उनके साथ उनकी गर्लफ्रैंड लेखा वाशिंगटन को भी हिरासत में लिया गया था। पुलिस की कार्रवाई के बीच इमरान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया था जिसमें उन्होंने कहा कि लिखा,'लगता है, मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।'इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें पुलिसकर्मी अभिनेता को वाहन में बैठा रहे थे। इस दौरान एक पत्रकार ने उनसे प्रदर्शन में शामिल होने के बारे में सवाल किया। जवाब में इमरान खान ने कहा कि उनकी कोई मांग नहीं है और वह किसी संगठन का हिस्सा भी नहीं हैं। वीडियो में अभिनेता पुलिस से यह सवाल करते हुए भी दिखाई दिए कि उन्होंने क्या किया है और उनके साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की क्यों की जा रही है।
7 हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारी हिरासत में
यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रस्तावित लामबंदी से जुड़ा था। शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और पुलिस ने 7,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इनमें कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके, चार पूर्व मुख्यमंत्री और यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल बताए गए।
