सोशल मीडिया पर आए दिन कई तरह के वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जो बिना कुछ कहे सीधे दिल तक पहुंच जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो (Video) इन दिनों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। इसमें एक पुलिस अधिकारी अपनी बेटी को ट्रेन में विदा करते दिखाई दे रहे हैं। खाकी वर्दी में ड्यूटी पर तैनात यह पिता बेटी को जाते हुए जिस तरह प्यार से देख रहे हैं, उसे देखकर लोग भावुक हो रहे हैं।
इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @yajnshri नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो करीब 20 सेकंड का है, लेकिन इसमें पिता और बेटी के रिश्ते को देख यकीनन आपकी आखें भी भर आएंगी। इस वीडियो को अब तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
बेटी को विदा करते दिखे पुलिस अधिकारी
वायरल हो रहे इस वीडियो (Viral Video) में किसी रेलवे स्टेशन का एक प्लेटफॉर्म दिखाई दे रहा है। प्लेटफॉर्म से ट्रेन खुल चुकी है और वहां से धीरे-धीरे गुजर रही है। ऐसे में एक पुलिस अधिकारी खाकी वर्दी में अपने तेज कदमों से ट्रेन के साथ-साथ चल रहे हैं। पुलिस अधिकारी ट्रेन के अंदर मौजूद अपनी बिटिया रानी को विदा करने आए थे। जैसे-जैसे ट्रेन आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे खाकी वर्दी वाले पुलिसकर्मी की आंखें भींगते हुए नजर आती हैं। अपने पापा को भावुक होता देख लड़की उनसे हंसने को कहती है, जिस पर पुलिस अधिकारी एक बनावटी हंसी के साथ अपने बेटी को विदा करते वक्त भी उसे खुश करने की कोशिश में लगे हुए हैं। वह बेटी को देखकर मुस्कुराते हैं और हाथ भी हिलाते हैं। बेटी भी अपनी पापा को बाय करती नजर आती है। जैसे-जैसे ट्रेन आगे बढ़ती है, उनकी नजरें भी बेटी का पीछा करती रहती हैं और समय के साथ धीरे-धीरे ट्रेन आगे बढ़ जाती है और खाकी वाले पापा पीछे छूट जाते हैं।
खाकी की सख्ती के पीछे दिखा पिता का प्यार
पुलिस की वर्दी को अक्सर अनुशासन और सख्ती से जोड़कर देखा जाता है। पुलिस अधिकारी रोज अपनी ड्यूटी में कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करते हैं। उन्हें लोगों की सुरक्षा के लिए मजबूत रहना पड़ता है लेकिन परिवार और खासकर बच्चों के सामने यही मजबूत इंसान बेहद भावुक भी हो जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ इस खाकी वाले पापा के साथ भी, जो अपनी बेटी को विदा करते वक्त बेहद ही भावुक हो गए और यह भाव उनके चेहरे पर साफतौर पर झलक रहा था।
सोशल मीडिया पर भावुक हुए लोग
वीडियो (Video) सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इससे जुड़ी अपनी भावनाएं शेयर कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि पिता चाहे किसी भी पेशे में हो, बेटी के लिए उसका प्यार हमेशा खास होता है। कुछ यूजर्स ने लिखा कि “हर पापा ऐसे ही होते हैं।” वहीं कई लोगों ने बेटियों को पिता की ‘प्रिंसेस’ बताया। लोगों का कहना है कि यह वीडियो सिर्फ एक पुलिस अधिकारी और उसकी बेटी की कहानी नहीं है, बल्कि हर उस पिता की भावना को दिखाता है, जो अपनी बेटी को विदा करते समय अंदर से भावुक हो जाता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
