सोशल मीडिया पर कभी-कभी ऐसे वीडियो आ जाते हैं जो हंसी भी लाते हैं और थोड़ा सोचने पर भी मजबूर करते हैं। हाल ही में सोशल साइट एक्स पर @nalinihyd नामक अकाउंट से एक ऐसा ही मजेदार वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक शख्स ने छुट्टी के दिन टाइम पास करने के लिए जो काम किया, उस बारे में कोई सोच भी नहीं सकता।
भाई की क्रिएटिविटी को शत-शत नमन
दरअसल, इन भाई साहब ने अपने खाली समय को काटने के लिए प्लेट में दालमोट से तरह-तरह की कलाकृतियां बना डालीं। इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “छुट्टी थी क्या ही करें”। वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्टील की प्लेट पर दालमोट बिखरा पड़ा है, मूंगफली, सेव, चावल के टुकड़े वगैरह बिखरे हुए हैं। जिन्हें शख्स अपने हाथ से बहुत ही सावधानीपूर्वक सजाते हुए एक से बढ़कर एक कलाकृतियां बना रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि शख्स प्लेट पर मूंगफली को शरीर बनाकर और पतले सेव या फ्राई किए हुए टुकड़ों को हाथ-पैर बनाकर छोटे-छोटे मानवाकृतियां (स्टिक फिगर्स) तैयार कर रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
प्रोफेशनल आर्ट नहीं, बल्कि शुद्ध समय काटने का तरीका
कुछ आकृतियां हाथ ऊपर उठाए नाचती हुई लग रही हैं, कुछ खड़ी हैं तो कुछ अलग-अलग पोज में। प्लेट का एक हिस्सा अभी भी ढेर सारे दालमोट से भरा है, जबकि दूसरे हिस्से में ये छोटी-छोटी “मूर्तियां” सजी हुई दिख रही हैं। वीडियो में दिख रहा पूरा नजारा देखकर हंसी आना लाजमी है। वीडियो (Video) में बताया गया है कि यह कोई प्रोफेशनल आर्ट नहीं, बल्कि शुद्ध समय काटने का तरीका है। छुट्टी का दिन, घर पर फुर्सत, और हाथ में दालमोट की प्लेट फिर क्यों न थोड़ी क्रिएटिविटी दिखा दी जाए! कुछ ऐसा ही विचार इस शख्स के मन में आया होगा।
क्यों वायरल हो रहा है?
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को देखने के बाद लोग शख्स की इस क्रिएटिविटी की खूब तारीफ कर रहे हैं। लोगों को वीडियो इसलिए पसंद आ रहा है क्योंकि यह बिल्कुल आम जिंदगी का हिस्सा लगता है। कई लोग कमेंट्स में लिख रहे हैं कि “हम भी कभी ऐसा ही करते थे”, वहीं कुछ लोगों ने इसे असली आर्ट बताया। जबकि कई अन्य लोगों ने इस बात पर हैरानी जताई और कहा कि, “इतना फ्री टाइम कहां से लाते हो भाई?”। कुछ लोग तो इसे “मॉडर्न आर्ट” कहकर इसका मजाक भी उड़ा रहे हैं तो कुछ इसे बच्चों के साथ खेलने का आइडिया बता रहे हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
