Nitish Setu: बिहार में गंगा नदी पर बने 6 लेन के ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन से पहले ही सियासी घमासान शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को वैशाली जिले में इस पुल का उद्घाटन करने वाले हैं। लेकिन इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोल दिया है। तेजस्वी ने कहा है कि इस पुल में केंद्र सरकार का एक भी पैसा नहीं लगा है, फिर प्रधानमंत्री इसका दोबारा उद्घाटन क्यों कर रहे हैं?
तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा कि यह पुल डेढ़ साल पहले ही उद्घाटन हो चुका है। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 साल 5 महीने पहले इसका उद्घाटन किया था और पिछले 17 महीनों से यह पुल आम लोगों के लिए चालू है। ऐसे में बिहार की जनता यह समझ नहीं पा रही है कि प्रधानमंत्री इसका फिर से उद्घाटन क्यों कर रहे हैं। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि क्या प्रधानमंत्री सिर्फ इसलिए उद्घाटन कर रहे हैं ताकि वहां उनके नाम की पट्टी लग जाए? उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए एक भी पैसा नहीं दिया है। इसलिए प्रधानमंत्री को इस काम का श्रेय लेने से बचना चाहिए और बेवजह खुद की तारीफ नहीं करनी चाहिए।
PM मोदी कल राष्ट्र को करेंगे समर्पित
प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने पोस्ट में लिखा था कि गंगा नदी पर बना एक्स्ट्रा-डोज्ड केबल-स्टेड ब्रिज ‘नीतीश सेतु’ कल राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। यह बिहार के लिए एक बड़ी परियोजना है। बता दें कि यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। यह राघोपुर दियारा होते हुए जाता है। मुख्य पुल की लंबाई करीब 9.75 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच रोड मिलाकर पूरी परियोजना करीब 19.7 किलोमीटर लंबी है। इसका शिलान्यास 2016 में हुआ था। कच्ची दरगाह से राघोपुर के बीच का पहला चरण जून 2025 में शुरू हुआ था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- SCO मंच पर PM मोदी ने बताई भारत की प्राचीन कनेक्टिविटी
सम्राट चौधरी ने रखा 'नीतीश सेतु' नाम
इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर 2026 को घोषणा की थी कि यह पुल पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ कहलाएगा। जेडी(यू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और बिहार सरकार के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह नाम नीतीश कुमार के विकास कार्यों के सम्मान में रखा गया है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क और बेहतर होगा।
