शहर

UP के बाद उत्तराखंड में भी सपा और कांग्रेस साथ लड़ेगी चुनाव? सिद्दीकी ने 30 सीटों पर लड़ने की जताई इच्छा

Uttarakhand Elections 2027: सपा के प्रदेशाध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत 30 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।

Image

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Uttarakhand Elections 2027: समाजवादी पार्टी (SP) की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत 30 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है और इस संबंध में ऐसी सीटों की एक सूची तैयार कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।

30 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है सपा

सिद्दीकी ने बताया कि प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद 30 विधानसभा सीटों की सूची तैयार कर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजी गई है। उन्होंने बताया कि ये सीटें प्रदेश के चार जिलों - हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून में हैं।

समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, सिद्दीकी ने कहा कि इन सीटों में से 15 सीटों को प्राथमिकता के आधार पर पर चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव पर राष्ट्रीय अध्यक्ष को निर्णय लेना है। सपा नेता ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों की एकजुटता को जरूरी बताते हुए कहा कि अलग-अलग चुनाव लड़ने से विपक्ष को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।

सिद्दीकी ने कहा कि गठबंधन होने पर सपा अपने हिस्से में आने वाली सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सहयोगियों के प्रत्याशियों को भी जिताने के लिए प्रयास करेगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि गठबंधन नहीं होने की स्थिति में पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वर्ष 2000 में गठित हुए उत्तराखंड में सपा ने विधानसभा में कोई सीट नहीं जीती है जबकि 2004 में उसके प्रत्याशी राजेंद्र बाडी हरिद्वार लोकसभा से सांसद चुने गए थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article