आज के समय में स्मार्टवॉच सिर्फ समय देखने या फोन के नोटिफिकेशन पढ़ने तक सीमित नहीं रह गई हैं। अब इनकी मदद से आप अपनी सेहत पर भी नजर रख सकते हैं। यही वजह है कि बाजार में मिलने वाली कई स्मार्टवॉच में हार्ट रेट मॉनिटरिंग, ब्लड ऑक्सीजन (SpO2) समेत कई सारे जरूरी फीचर्स दिए जाते हैं। हालांकि, हर स्मार्टवॉच में ये सभी फीचर्स नहीं मिलते हैं। अलग-अलग कंपनियां अपने मॉडल और कीमत के हिसाब से हेल्थ फीचर्स देती हैं।
अगर आप एक नई स्मार्टवॉच खरीदने जा रहे हैं तो आपको कुछ चीजों पर जरूर ध्यान देना चाहिए। यह जानना भी जरूरी है कि उसमें कौन-कौन से हेल्थ फीचर्स मिलते हैं और वे किस काम आते हैं। कुछ फीचर्स फिटनेस और नींद को ट्रैक करने में मदद करते हैं, तो कुछ शरीर में होने वाले असामान्य बदलावों के संकेत दे सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही 7 जरूरी हेल्थ फीचर्स के बारे में। आइए जानते हैं स्मार्टवॉच में मिलने वाले 7 ऐसे हेल्थ फीचर्स के बारे में, जो आपके काम आ सकते हैं।
1. हार्ट रेट मॉनिटरिंग
यह फीचर दिनभर आपके दिल की धड़कनों पर नजर रखता है। इसकी मदद से आप जान सकते हैं कि आराम करते समय और एक्सरसाइज के दौरान आपके दिल की धड़कन कितनी रहती है। अगर हार्ट रेट में कोई असामान्य बदलाव होता है, तो कुछ स्मार्टवॉच इसकी जानकारी भी देती हैं।
2. ब्लड ऑक्सीजन (SpO2) मॉनिटरिंग
इस फीचर की मदद से शरीर में ऑक्सीजन का स्तर मापा जाता है। स्मार्टवॉच सेंसर की मदद से खून में ऑक्सीजन की मात्रा का अनुमान लगाती है। इससे आप दिन के साथ-साथ सोते समय भी अपने SpO2 लेवल पर नजर रख सकते हैं।
3. ECG मॉनिटरिंग
ECG फीचर दिल की इलेक्ट्रिकल एक्टिविटी को रिकॉर्ड करता है। इसकी मदद से दिल की धड़कन में होने वाली कुछ गड़बड़ियों, जैसे एट्रियल फिब्रिलेशन (AFib), के संकेत मिल सकते हैं। यह फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो अपने दिल की धड़कन पर नजर रखना चाहते हैं। हालांकि, इसके नतीजे डॉक्टर की जांच का विकल्प नहीं हैं।
4. स्लीप ट्रैकिंग
अच्छी सेहत के लिए पूरी नींद लेना बहुत जरूरी है। स्मार्टवॉच का स्लीप ट्रैकिंग फीचर बताता है कि आप कितने घंटे सोए और आपकी नींद कैसी रही। कुछ स्मार्टवॉच हल्की नींद, गहरी नींद और REM स्लीप का भी अनुमान लगाती हैं। इससे आप अपनी नींद की आदतों को समझ सकते हैं।
5. स्ट्रेस मॉनिटरिंग और HRV ट्रैकिंग
कुछ स्मार्टवॉच में स्ट्रेस लेवल मापने का फीचर मिलता है। इसके लिए HRV यानी हार्ट रेट वैरिएबिलिटी का इस्तेमाल किया जाता है। आसान भाषा में समझें तो यह दिल की लगातार दो धड़कनों के बीच समय में होने वाले बदलाव को मापता है। इससे शरीर पर तनाव, कम नींद और एक्सरसाइज के असर को समझने में मदद मिल सकती है।
6. ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग
कुछ खास स्मार्टवॉच में ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग का फीचर भी दिया जाता है। इसकी मदद से ब्लड प्रेशर में होने वाले बदलावों पर नजर रखी जा सकती है। हालांकि, सभी स्मार्टवॉच यह सुविधा नहीं देती हैं। साथ ही, स्मार्टवॉच से मिलने वाली रीडिंग को मेडिकल ब्लड प्रेशर मशीन का विकल्प नहीं मानना चाहिए।
7. फॉल डिटेक्शन और इमरजेंसी SOS
यह फीचर खासतौर पर बुजुर्गों और अकेले रहने वाले लोगों के लिए काम का हो सकता है। स्मार्टवॉच में लगे मोशन सेंसर गिरने की स्थिति का पता लगाने की कोशिश करते हैं। अगर कोई व्यक्ति अचानक गिर जाता है और जवाब नहीं देता, तो कुछ स्मार्टवॉच इमरजेंसी कॉन्टैक्ट को अलर्ट भेज सकती हैं या इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर सकती हैं।
