बॉलीवुड

गोवा में 57वें IFFI का आगाज, सीएम प्रमोद सावंत ने किया इनॉगरेशन; सई पल्लवी और कार्तिक आर्यन भी पहुंचे

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 20, 2026, 08:35 PM IST

International Film Festival of India Day 1 Update: गोवा में आज यानी 20 नवंबर से सिनेमा का बड़ा जश्न शुरू हो गया है। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (IFFI) में देश-विदेश की फिल्मों के साथ कई खास आयोजन होंगे।

Image

IFFI 2026 में इस बार दिखेंगी 86 देशों की फिल्में, डॉक्यूमेंट्री और MIFF विजेताओं को भी मिलेगा खास मंच (Image Source: PIB)

International Film Festival of India Day 1 Update: गोवा में एक बार फिर दुनियाभर के सिनेमा का जश्न शुरू हो गया है। यहां 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (International Film Festival of India - IFFI) के लिए देश-विदेश के फिल्ममेकर, कलाकार और सिनेमा से जुड़े लोग जुटे हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में अलग-अलग भाषाओं और देशों की फिल्मों को दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। इस बार महोत्सव की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' (Stories Without Borders) रखी गई है, जो सिनेमा की उस ताकत को दिखाती है, जो भाषा, संस्कृति और भौगोलिक सीमाओं से आगे बढ़कर लोगों को जोड़ती है। इस आयोजन में कुछ नए सेक्शन भी शामिल किए गए हैं।

सीएम प्रमोद सावंत ने किया महोत्सव का उद्घाटन

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (Pramod Sawant) ने शुक्रवार को 57वें IFFI का उद्घाटन किया। इस मौके पर अभिनेता और सांसद रवि किशन (Ravi Kishan), राज्यसभा सांसद सदानंद शेट तानावडे, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार और फिल्ममेकर व महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर (Ashutosh Gowariker) मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की।एक्ट्रेस सई पल्लवी (Sai Pallavi) और अभिनेता कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) भी उद्घाटन समारोह में दर्शकों के बीच मौजूद थे। इस साल महोत्सव 20 से 28 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसकी थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' (Stories Without Borders) रखी गई है। इसका मकसद यह दिखाना है कि सिनेमा किस तरह भाषा, संस्कृति और भौगोलिक सीमाओं से आगे बढ़कर लोगों को जोड़ सकता है। इस बार IFFI में 86 देशों की 159 अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के साथ 76 भारतीय फिल्में दिखाई जाएंगी। फिल्मों की स्क्रीनिंग के अलावा मास्टरक्लास, वर्कशॉप और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के बीच बातचीत के कार्यक्रम भी होंगे। इसके साथ ही वेव्स फिल्म बाजार (WAVES Film Bazaar) का आयोजन भी किया जाएगा, जहां दुनियाभर के फिल्ममेकर, प्रोड्यूसर और डिस्ट्रीब्यूटर एक मंच पर जुटेंगे।

'फादरलैंड' से हुआ महोत्सव का आगाज

57वें IFFI की ओपनिंग फिल्म पोलिश फिल्ममेकर पावेल पावलिकोव्स्की (Paweł Pawlikowski) की 'फादरलैंड' (Fatherland) है। फिल्म की प्रोड्यूसर ईवा पुश्चिंस्का (Ewa Puszczynska) ने कहा कि भले ही इसकी कहानी दूसरे विश्व युद्ध के बाद 1947 के जर्मनी में सेट है, लेकिन इसके मुद्दे आज की दुनिया से भी जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म में पूर्वी और पश्चिमी यूरोप के बीच बंटवारे, अमीर-गरीब के बीच असमानता, सांस्कृतिक पहचान और अपनेपन जैसे विषयों को दिखाया गया है। कहानी परिवार के रिश्तों, खासकर माता-पिता और बच्चों के संबंधों पर भी बात करती है। प्रोड्यूसर के मुताबिक, फिल्म यह भी बताती है कि बड़े ऐतिहासिक बदलाव आम लोगों की जिंदगी को किस तरह प्रभावित करते हैं। ब्लैक एंड व्हाइट में बनी यह फिल्म जर्मनी की पृष्ठभूमि पर आधारित है, इसमें जर्मन कलाकार हैं और इसकी भाषा भी जर्मन है, लेकिन इसकी पूरी शूटिंग पोलैंड में हुई है। ईवा पुश्चिंस्का ने कहा कि फिल्म संवाद के जरिए दूरियां मिटाने और लोगों के बीच पुल बनाने की बात करती है।

डॉक्यूमेंट्री और MIFF विजेताओं को मिलेगा खास मंच

इस साल IFFI में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के लिए एक अलग सेक्शन शुरू किया गया है। महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने बताया कि इसका मकसद नॉन-फिक्शन फिल्में बनाने वालों को ज्यादा मौके देना है। इसके अलावा मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (MIFF) के विजेताओं के लिए एक खास गाला भी रखा गया है। इसमें पुरस्कार जीतने वाली फिल्मों को 90 मिनट की विशेष प्रस्तुति के जरिए दिखाया जाएगा। गोवारिकर के मुताबिक, डॉक्यूमेंट्री फिल्में लगातार बन रही हैं और ऐसे फिल्ममेकर्स को साल में दो बड़े महोत्सवों में अपनी फिल्में दिखाने का अवसर मिलना चाहिए। अगर कोई फिल्ममेकर एक फेस्टिवल में अपनी फिल्म नहीं दिखा पाता, तो उसे दूसरे आयोजन में मौका मिल सकता है। इस बार महोत्सव में एनिमेशन, डॉक्यूड्रामा और फिल्म फेस्टिवल्स पर आधारित फिल्मों के लिए भी नए सेक्शन जोड़े गए हैं। 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' की थीम को समझाते हुए गोवारिकर ने कहा कि सीमाएं सिर्फ देशों के बीच नहीं होतीं, बल्कि परिवारों, समुदायों और समाज के भीतर जाति, धर्म और दूसरी वजहों से भी बनती हैं। इसी व्यापक सोच के साथ इस साल फिल्मों का चयन किया गया है। IFFI का आयोजन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गोवा सरकार मिलकर कर रहे हैं। फिल्मों की स्क्रीनिंग एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा और कला अकादमी में होगी।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article