Viral Video: गेमिंग की दुनिया के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित इवेंट यानी Grand Theft Auto VI (GTA VI) की रिलीज का जश्न कुछ इस अंदाज में मनाया गया कि रील और रियल लाइफ के बीच की दूरी खत्म हो गई। जिस मियामी शहर से प्रेरित होकर रॉकस्टार गेम्स ने अपना मशहूर काल्पनिक शहर 'वाइस सिटी' रचा था, वही मियामी इस ऐतिहासिक लॉन्च पर खुद असली वाइस सिटी में तब्दील हो गया। इस खास मौके का एक बेहद शानदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मियामी के बिस्केन बे के ऊपर रात के अंधेरे में सैकड़ों ड्रोन्स ने रोशनी का ऐसा जादू बिखेरा कि देखने वाले दंग रह गए।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे समंदर के किनारे जगमगाते मियामी शहर के ऊपर आसमान एक विशाल डिजिटल कैनवास बन गया। सैकड़ों सिंक्रोनाइज्ड ड्रोन्स ने अपनी नियॉन गुलाबी, बैंगनी और सफेद रोशनी से एक के बाद एक अद्भुत आकृतियां बनाईं। शुरुआत में आसमान में समंदर की लहरों पर दौड़ते हुए एक स्पीडबोट और उड़ते हुए फ्लेमिंगो पक्षी की झलक दिखी, जो सीधे तौर पर वाइस सिटी के ट्रॉपिकल अंदाज को दर्शाती है। इसके बाद ड्रोन्स ने हेलीकॉप्टर और फिर गेम के सबसे चर्चित मुख्य किरदारों-लूसिया और जेसन की विशालकाय और बेहद स्पष्ट आकृति आसमान में उकेरी। जैसे ही आसमान में चमकते गुलाबी बॉर्डर के साथ 'VI Grand Theft Auto' का आधिकारिक लोगो और उसके बाद Rockstar Games का लोगो उभरा, वहां मौजूद हजारों फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया। शो के अंत में ड्रोन्स ने आसमान में बड़े अक्षरों में 'THANK YOU MIAMI' लिखकर इस शहर को एक खास ट्रिब्यूट दिया, जिसने इस पूरे गेम को प्रेरणा दी है।इस जश्न को सिर्फ एक ड्रोन शो तक सीमित नहीं रखा गया था, बल्कि फैंस को गेम के भीतर होने का अहसास कराने के लिए कई खास इंतजाम किए गए थे। देखें वीडियो...
आसमान में छाया अनोखा नजारा
इस ड्रोन शो को देखकर आप भी मंत्रमुग्ध हो गए होंगे। अब यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं इस नजारे पर लोग जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह गेमिंग इतिहास की सबसे बेहतरीन मार्केटिंग और सेलिब्रेशन है, मियामी सचमुच वाइस सिटी लग रहा है। वहीं, कई फैंस ने ड्रोन शो में लूसिया और जेसन की बारीक कलाकारी की जमकर तारीफ की। मियामी का यह जश्न साबित करता है कि GTA सिर्फ एक वीडियो गेम नहीं, बल्कि एक ग्लोबल पॉप-कल्चर फेनोमेनन है, जो वर्चुअल दुनिया से निकलकर हकीकत की जमीन पर भी उतना ही बड़ा जादू बिखेरने की ताकत रखता है।
