वायरल न्यूज़

समुद्री घास समझकर खा जाएंगे धोखा! सिर नीचे और पूंछ ऊपर करके 'उल्टी' तैरती है यह अनोखी मछली, देखें VIDEO

Viral Video: ग्रूव्ड रेजरफिश आम मछलियों की तरह क्षैतिज नहीं, बल्कि सिर नीचे और पूंछ ऊपर करके लंबवत तैरती हैं। पतले शरीर और काली धारियों की वजह से ये समुद्र तल की घास और कोरल के बीच आसानी से छिप जाती हैं। इनकी लंबी नली जैसी थूथन महज 4 मिली सेकंड के भीतर छोटे जीवों को वैक्यूम की तरह अंदर खींच लेती है।

Image

दुनिया की सबसे अनोखी मछली

Viral Video: समुद्र की गहराइयों में ऐसे कई रहस्यमयी जीव छिपे हैं, जिनकी बनावट और जीने का तरीका देखकर विज्ञान भी हैरान रह जाता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर समुद्र के भीतर का एक बेहद दिलचस्प वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पहली नजर में वीडियो को देखने पर ऐसा लगता है मानो सफेद रेत के ऊपर समुद्री घास या पतली पत्तियां पानी की लहरों के साथ लहरा रही हों। लेकिन, जैसे ही आप ध्यान से देखते हैं, नजरों का यह धोखा टूट जाता है- दरअसल, ये कोई पौधे नहीं बल्कि दर्जनों मछलियों का एक झुंड है, जो बिल्कुल सीधी खड़ी होकर तैर रहा है।

वीडियो में नजर आ रही इस विचित्र प्रजाति को 'ग्रूव्ड रेजरफिश' के नाम से जाना जाता है। यह समुद्र की सबसे अनोखी तैरने की शैली रखने वाली मछलियों में से एक है। जहां दुनिया की लगभग सभी मछलियां पानी में सीधी तैरती हैं, वहीं ग्रूव्ड रेजरफिश अपना सिर नीचे और पूंछ ऊपर रखकर एकदम लंबवत दिशा में तैरती हैं। प्रकृति ने हर जीव को आत्मरक्षा का कोई न कोई हुनर दिया है। ग्रूव्ड रेजरफिश का शरीर बेहद पतला, चपटा और रेजर के ब्लेड जैसा नुकीला होता है। इनके शरीर के बीचों-बीच एक गहरी काली धारी बनी होती है। जब ये सिर नीचे करके झुंड में तैरती हैं, तो बिल्कुल समुद्री घास या मूंगे की शाखाओं जैसी दिखाई देती हैं। इस प्राकृतिक छलावरण की वजह से बड़े शिकारी जीव इन्हें पहचान नहीं पाते और इन्हें पौधा समझकर आगे बढ़ जाते हैं। वीडियो में भी साफ देखा जा सकता है कि कैसे पूरा झुंड किसी प्रशिक्षित सेना की टुकड़ी की तरह एक साथ, एक ही लय में आगे बढ़ता है। देखें वीडियो...

4 मिलीसेकंड में शिकार करने की गजब तकनीक

सिर्फ दिखने में ही नहीं, बल्कि शिकार करने के मामले में भी ग्रूव्ड रेजरफिश बेहद माहिर हैं। इनके मुंह के आगे एक लंबी नली जैसी थूथन होती है। जब ये सिर के बल तैरते हुए समुद्र तल के करीब पहुंचती हैं, तो अपनी इस खास थूथन की मदद से छोटे क्रस्टेशियंस को वैक्यूम की तरह अंदर खींच लेती हैं। हैरानी की बात यह है कि इनके हमला करने की रफ्तार इतनी तेज होती है कि शिकार को संभलने का मौका तक नहीं मिलता। वैज्ञानिक अध्ययनों के मुताबिक, यह मछली महज 4 मिलीसेकंड में अपना शिकार दबोच लेती है। तुलना के लिए समझें तो इंसान की पलक झपकने में भी करीब 100 से 400 मिलीसेकंड का समय लगता है।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article