सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। इन दिनों गोवा से सामने आया एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि एक मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंचने के बाद एक घर के अंदर घुसते दिखाई दे रहा है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि घर के कुत्तों ने मगरमच्छ को घेर लिया और उसके आसपास भौंकते हुए नजर आए।
अचानक घर में घुस आया मगरमच्छ
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @zingabad नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में बताया जा रहा है कि यह मामला गोवा के खांडेपार इलाके का है। वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि मगरमच्छ घर में आराम से घूम रहा है। वहीं, वहां मौजूद दो कुत्ते उसे देखकर लगातार भौंक रहे हैं और उसके आसपास घूम रहे हैं। इस नजारे को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे कुत्तों ने घर की सुरक्षा की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली हो।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
घर में मगरमच्छ देखकर मचा हड़कंप
मगरमच्छ को घर के अंदर देखकर परिवार के लोगों के बीच डर का माहौल बन गया। आखिर कोई सोच भी नहीं सकता कि सुबह या दिन के समय घर के अंदर अचानक इतना बड़ा शिकारी जीव दिखाई दे जाएगा। हालांकि, परिवार ने समझदारी दिखाते हुए खुद मगरमच्छ को पकड़ने या उसके पास जाने की कोशिश नहीं की।
वन विभाग की टीन ने मगरमच्छ का किया रेस्क्यू
उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी वन विभाग को दी और वन्यजीव बचाव टीम को बुलाया गया। वन विभाग की टीम जल्द ही मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानी से मगरमच्छ को पकड़ा और उसे सुरक्षित तरीके से वहां से बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति या पालतू जानवर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
कुत्तों ने नहीं छोड़ा मगरमच्छ का पीछा
वीडियो (Video) में कुत्तों का व्यवहार भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। मगरमच्छ जैसे ही घर में घुसते नजर आया, तो कुत्ते उसके आसपास जमा हो गए और लगातार भौंकने लगे। सोशल मीडिया पर इस नजारे को देखकर लोग तरह-तरह के मजेदार कमेंट कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने कुत्तों की हिम्मत की तारीफ की, तो कुछ ने मजाक में कहा कि घर के मालिक के पास अब असली ‘Crocs’ हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
