वायरल न्यूज़

Viral Video: टाइगर के साथ वीडियो बना रहा था पाकिस्तानी शख्स, फिर जो हुआ उसे देख आंखों पर नहीं होग यकीन

Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक विशालकाय टाइगर अपने पिछले पैरों पर खड़ा होकर एक युवक को जकड़ लेता है, जिसके बाद युवक घबराकर मदद के लिए चिल्लाने लगता है। वहीं, वीडियो शूट के दौरान बाघ के हमले में 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

Image

बाघ के साथ वीडियो बनाना पड़ा महंगा (तस्वीर साभार- @nouman.hassan1)

Viral Video: सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने का जुनून किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है, इसकी एक रोंगटे खड़े कर देने वाली बानगी पाकिस्तान के लाहौर से सामने आई है। एक तरफ इंटरनेट पर एक 24 सेकंड का खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक भारी-भरकम टाइगर एक युवक पर झपटता नजर आ रहा है। तो, दूसरी तरफ इसी तरह के खतरनाक स्टंट और वीडियो शूटिंग के चक्कर में एक 19 वर्षीय नौजवान को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इस सनसनीखेज मामले में लाहौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नोमान हसन को गिरफ्तार कर लिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे क्लिप में देखा जा सकता है कि एक फार्महाउस के लॉन में काले रंग की टी-शर्ट और लोअर पहने एक शख्स लोहे की जंजीर और हरे डंडे के सहारे एक विशालकाय रॉयल बंगाल टाइगर को काबू करने की कोशिश कर रहा है। वीडियो शुरू होते ही टाइगर अचानक आक्रामक हो जाता है और अपने पिछले पैरों पर खड़ा होकर उस शख्स के कंधों पर दोनों अगले पंजे रख देता है। टाइगर का वजन और कद इतना बड़ा है कि युवक पूरी तरह उसके शिकंजे में फंस जाता है। घबराहट में युवक की चीख निकल जाती है और वह पास खड़े साथियों को आवाज लगाते हुए कहता है कि अरे भाई मैं पीछे जा रहा हूं... ओए पकड़ो भाई पकड़ो, आसिफ आजा, छोड़ो-छोड़ो... बस-बस। कड़ी मशक्कत और जंजीर खींचने के बाद किसी तरह टाइगर पीछे हटता है और युवक की जान बचती है। हालांकि, हर बार-बार किस्मत साथ नहीं देती और यही लापरवाही लाहौर के एक फार्महाउस में एक युवक की मौत की वजह बन गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा 11 नवंबर को लाहौर के एक प्राइवेट ब्रीडिंग फार्म में हुआ। मृतक की पहचान 19 वर्षीय ताहा के रूप में हुई है, जो लहना शहर के एक खेत में काम करता था। ताहा के पिता मुनीर अहमद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मशहूर इन्फ्लुएंसर नोमान हसन फार्म पर पहुंचे थे। आरोप है कि हसन ने सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने के लिए ताहा को वीडियो शूट में शामिल होने के लिए बुलाया। शूटिंग के दौरान कथित तौर पर पिंजरे से बाघ को बाहर निकाला गया। इसी बीच बेकाबू हुए बाघ ने ताहा पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ताहा को आनन-फानन में एक स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गहरे जख्मों के कारण उसने दम तोड़ दिया। देखें वीडियो...

मामले की जांच में जुटी पुलिस

लाहौर पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए इन्फ्लुएंसर नोमान हसन और ब्रीडिंग फार्म के मालिक फय्याज को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही उस फार्महाउस को भी सील कर दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि टिकटॉक या सोशल मीडिया का जुनून किसी इंसान की जान से बढ़कर नहीं हो सकता। मनोरंजन या शौक के नाम पर किसी की जिंदगी को खतरे में डालने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या फार्म मालिक के पास खतरनाक वन्यजीव रखने का वैध लाइसेंस था और क्या वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article