वायरल न्यूज़

'बाहुबली' बना गजराज! सड़क पर बेकाबू हुआ हाथी, जमकर मचाया तांडव, देखें वायरल वीडियो

Viral Video: हैदराबाद के मीरचौक पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एतेबार चौक इलाके में एक सजा-धजा हाथी अचानक भीड़ के बीच बेकाबू होकर तेज कदमों से आगे बढ़ने लगा। हाथी के तेवर देख जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

Image

हाथी ने जमकर मचाया तांडव

Viral Video: धार्मिक जुलूसों में हाथी-घोड़ों का शामिल होना परंपरा का हिस्सा होता है, लेकिन जब विशालकाय गजराज का मिजाज अचानक बिगड़ जाए, तो माहौल कितना खौफनाक हो सकता है, इसकी एक बानगी हैदराबाद के पुराने शहर में देखने को मिली। मीरचौक पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एतेबार चौक इलाके में एक वार्षिक धार्मिक जुलूस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जुलूस में चल रहा एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए इस घटना के वीडियो में रात के समय जुलूस का नजारा देखा जा सकता है। पारंपरिक वस्त्रों और आभूषणों से सजा हाथी सड़क पर चल रहा था, जिसके ऊपर महावत सवार थे। अचानक किसी वजह से हाथी असहज हो गया और तेज रफ्तार से भीड़ की तरफ बढ़ने लगा। हाथी के इस बदली हुई चाल को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात पुलिसकर्मी भी लोगों को रास्ते से हटने का इशारा करते हुए पीछे की ओर भागते नजर आए। जुलूस के बीचों-बीच हाथी के बेकाबू होने से एक पल के लिए ऐसा लगा मानो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, क्योंकि सड़क पर काफी भीड़ मौजूद थी और आसपास वाहन भी खड़े थे। हालांकि, हाथी के साथ चल रहे अनुभवी महावतों ने संयम नहीं खोया। उन्होंने तुरंत हाथी को शांत करने के लिए जरूरी कदम उठाए और महज कुछ ही मिनटों के भीतर गजराज को पूरी तरह से काबू में कर सुरक्षित रूप से रोक लिया। देखें वीडियो...

दिल दहलाने वाला नजारा

स्थानीय प्रशासन और पुलिस के मुताबिक, समय रहते हाथी पर नियंत्रण पा लेने की वजह से स्थिति पूरी तरह सुरक्षित रही। इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या किसी तरह की संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति सामान्य होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल, यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग महावतों की तत्परता की सराहना कर रहे हैं। इतना ही नहीं इस नजारे को देखकर लोग काफी हैरान भी हैं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article