वायरल न्यूज़

Ajab Gajab: कैमरे में कैद हुआ आसमान का सबसे बड़ा राज! इंद्रधनुष के पास दिखा अजीबोगरीब रहस्यमयी जीव, जानें सच्चाई

Ajab Gajab: अलास्का के एंकोरेज में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंद्रधनुष की तस्वीर ले रही एक महिला के कैमरे में आसमान में तैरती एक अजीबोगरीब आकृति कैद हो गई। हूबहू 'जेलीफिश' जैसी दिखने वाली इस चीज के नीचे टेंटेकल्स लटकते नजर आए, जो हवा में अलग-अलग दिशाओं में हिल रहे थे।

Image

कैमरे में कैद रहस्यमयी नजारा

Ajab Gajab : अक्सर लोग कुदरत के खूबसूरत नजारों को कैमरे में कैद करने के लिए फोन निकालते हैं, लेकिन कई बार कैमरे में कुछ ऐसा रिकॉर्ड हो जाता है जो अच्छे-अच्छों की नींद उड़ा देता है। ऐसा ही एक हैरतअंगेज मामला अमेरिका के अलास्का स्थित एंकोरेज शहर में देखने को मिला। यहां एक महिला पहाड़ों के ऊपर बने खूबसूरत इंद्रधनुष का वीडियो बना रही थी, तभी आसमान में तैरती एक रहस्यमयी चीज पर उसकी नजर पड़ी। यह आकृति देखने में बिल्कुल किसी समुद्री 'जेलीफिश' जैसी लग रही थी।

इस पूरे घटनाक्रम को सारा जेन ओसबोर्न नाम की महिला ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया है। 57 सेकंड के इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पहाड़ों के बीच इंद्रधनुष की छटा बिखरी हुई है और ठीक उसी के पास हवा में एक अजीब साया मंडरा रहा है। वीडियो रिकॉर्ड करते समय सारा की आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें वह साफ तौर पर घबराई हुई और हैरान नजर आ रही हैं। वह कहती हैं कि मैं इसे यहां से देख सकती हूं, यह किसी एलियन जैसा लग रहा है। मुझे यह बिल्कुल अच्छा नहीं लग रहा, यह बहुत ही अजीब तरीके से हिल रहा है। यह आखिर है क्या? यह पहले यहां नहीं था। वीडियो को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि इस वस्तु का ऊपरी हिस्सा गुंबद जैसा है, जबकि नीचे की तरफ कई लंबे रेशे या 'टेंटेकल्स' लटक रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह हवा में सिर्फ एक जगह स्थिर नहीं था, बल्कि इसके नीचे लटके हिस्से स्वतंत्र रूप से हिलते-डुलते नजर आ रहे थे, मानो कोई जीव पानी में तैर रहा हो। मामले में नया मोड़ तब आया जब यह देखा गया कि यह रहस्यमयी वस्तु धीरे-धीरे एक अमेरिकी सैन्य अड्डे की दिशा में बढ़ती हुई प्रतीत हो रही थी। हालांकि, इस आकृति और सैन्य अड्डे के बीच किसी भी तरह के आधिकारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस एंगल ने इंटरनेट की दुनिया में सनसनी जरूर फैला दी है। देखें वीडियो...

नजारा देख चौंके लोग

नजारा देखकर आप भी जरूर एक पल के लिए चौंक गए होंगे। हो सकता है इस तरह का नजारा पहली बार देख रहे हों। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। वीडियो सामने आते ही यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं और तरह-तरह की थ्योरी पेश कर रहे हैं। UFO पर नजर रखने वाले कई लोगों का मानना है कि यह कोई साधारण चीज नहीं है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इराक और अमेरिका के कुछ हिस्सों में कथित 'जेलीफिश UFO' देखे जाने के दावे किए जा चुके हैं। यूजर्स का कहना है कि इंद्रधनुष की रोशनी के बीच इसका अचानक प्रकट होना किसी दूसरी दुनिया की तकनीक की ओर इशारा करता है। वहीं, दूसरी ओर, कई तार्किक यूजर्स और जानकारों का मानना है कि यह महज एक भ्रम हो सकता है। उनके मुताबिक, यह कोई बड़ी 'ऑक्टोपस या जेलीफिश डिजाइन वाली पतंग' हो सकती है, जिसकी डोर इतनी दूरी से दिखाई नहीं दे रही। हवा के तेज झोंकों के कारण इसकी पूंछ किसी जीव की तरह लहराती हुई दिख रही है। फिलहाल, एंकोरेज के आसमान में दिखी यह 'फ्लाइंग जेलीफिश' असल में क्या थी, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन कुदरत के सबसे खूबसूरत नजारे यानी इंद्रधनुष के बीच इस रहस्यमयी आकृति की मौजूदगी ने इसे इंटरनेट का सबसे चर्चित वीडियो बना दिया है।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article