Viral Video: जब भी 'रामायण' का जिक्र होता है, तो जहन में सबसे पहले 90 के दशक का वो दौर आता है जब रविवार की सुबह पूरा परिवार एक ही टीवी स्क्रीन के सामने बैठ जाया करता था। आज के डिजिटल दौर में भले ही मनोरंजन के साधन हाई-टेक हो गए हों, लेकिन एक कलाकार की सादगी भरी क्रिएटिविटी ने इंटरनेट की दुनिया में वही पुराना जादू फिर से जगा दिया है। सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक आर्टिस्ट ने बिना किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के महज कागज और गत्ते के बने 'टीवी' पर 50 सेकंड के भीतर पूरी रामायण दिखा दी है।
वायरल हो रहे इस वीडियो की सबसे खास बात इसकी अनोखी तकनीक है, जो देखने में किसी जादू से कम नहीं लगती। वीडियो में पीले रंग के कार्डबोर्ड से बना एक छोटा सा टीवी नजर आता है, जिसके किनारे पर बकायदा स्पीकर और 'ऑन-ऑफ' व 'वॉल्यूम' के बटन भी हाथ से बनाए गए हैं। इस देसी टीवी के ऊपरी हिस्से में दो स्केच पेन (एक नीला और एक लाल) लगे हुए हैं। जैसे-जैसे कलाकार ऊपर लगे इन पेनों को घुमाती है, अंदर लिपटा हुआ कागज का रोल आगे बढ़ता है और टीवी की स्क्रीन पर रामायण के एक से बढ़कर एक जीवंत दृश्य बदलते चले जाते हैं। बैकग्राउंड में बजते मधुर राम भजन के बीच यह 50 सेकंड का सफर बेहद भावुक और मंत्रमुग्ध कर देने वाला है। इस चलती-फिरती चित्रकथा की शुरुआत 'रामायण' के खूबसूरत शीर्षक और अयोध्या में चारों राजकुमारों के जन्म से होती है। इसके बाद एक-एक कर सभी प्रमुख प्रसंग पर्दे पर उभरते हैं। देखें वीडियो...
दिल जीतने वाला नजारा
इस शानदार कलाकृति को इंस्टाग्राम पर अदिति artworldbyadi नाम की कंटेंट क्रिएटर ने साझा किया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरे प्रोजेक्ट को तैयार करने के लिए बाजार से एक भी नई चीज नहीं खरीदी गई। घर में रखे पुराने कार्डबोर्ड, सामान्य कागज और रंगों का इस्तेमाल कर इसे बनाया गया है। अदिति के मुताबिक, इन तमाम दृश्यों को सोचने, बारीकी से स्केच करने, रंग भरने और उन्हें एक रोलिंग मैकेनिज्म में पिरोने में उन्हें कुल 18 घंटे का समय लगा। उन्होंने बताया कि बचपन से देखी जा रही 'रामलीला' ही इस कला की मुख्य प्रेरणा है, जबकि इस खास स्क्रॉलिंग टीवी का आइडिया उन्हें एक अन्य कलाकार तुषार वर्मा के काम से मिला। वीडियो सामने आने के बाद से ही इंटरनेट यूजर्स इस कलाकार के धैर्य और कौशल के कायल हो गए हैं। लोग इसे 'आधुनिक युग की सबसे प्यारी कलाकृति' बता रहे हैं। एक यूजर ने भावुक होकर लिखा कि अफसोस है कि इंस्टाग्राम पर सिर्फ एक ही बार लाइक करने का विकल्प होता है, वरना इसे हजारों बार लाइक करता। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि इतनी बारीकी से हर किरदार के भाव उकेरना और 50 सेकंड में पूरी गाथा समेट देना वाकई गजब का धैर्य मांगता है।
