फैशन की दुनिया में नाम बनाने के लिए आमतौर पर लोगों को कई साल मेहनत करनी पड़ती है लेकिन अमेरिका के मैक्स अलेक्जेंडर ने बेहद छोटी उम्र में ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। सिर्फ 10 साल की उम्र में मैक्स ने एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) अपने नाम कर लिया है। वह कपड़ा या टेक्सटाइल लाइन जारी करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के व्यक्ति बन गए हैं।
4 साल की उम्र में देखा सपना, 10 की उम्र में बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) के मुताबिक, मैक्स की उम्र जब सिर्फ 4 साल थी, तभी उन्होंने अपने माता-पिता से कह दिया था कि वह बड़े होकर ड्रेसमेकर बनना चाहते हैं। उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह सपना इतनी तेजी से पूरा होगा लेकिन मैक्स ने कम उम्र में ही फैशन डिजाइनिंग को अपना जुनून बना लिया। 14 सितंबर को न्यूयॉर्क सिटी के मशहूर गारमेंट डिस्ट्रिक्ट में मैक्स ने अपनी नई टेक्सटाइल लाइन पेश की। इस खास मौके पर फैशन से जुड़े कई लोग मौजूद थे। रंग-बिरंगे कपड़ों और बड़े-बड़े टेक्सटाइल रैक के बीच मैक्स ने अपने डिजाइन लोगों को दिखाए।

अमेरिका के 10 वर्षीय फैशन डिजाइनर मैक्स अलेक्जेंडर (Image Credit- Guinness World Record)
पिकल से ड्रेस बनाने वाला 10 साल का फैशन डिजाइनर
मैक्स ने अपने नए कपड़ों को मैनक्विन पर सजाकर पेश किया और बताया कि इनके पीछे पर्यावरण को ध्यान में रखने का विचार है। वह लंबे समय से ऐसी चीजों से कपड़े बनाने के लिए जाने जाते हैं, जिन्हें आमतौर पर लोग बेकार समझते हैं। यही नहीं, इस कार्यक्रम में मैक्स ने एक और मजेदार रिकॉर्ड प्रयास किया। उन्होंने तेज चलने वाली ऑटोमैटिक सिलाई मशीन में धागा डालने की कोशिश की। उन्होंने यह काम सिर्फ 10.16 सेकंड में पूरा कर दिया। इसके साथ ही उनके नाम चौथा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड खिताब दर्ज हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
कपड़ा लाइन लॉन्च कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
मैक्स की सफलता की कहानी यहीं से शुरू नहीं हुई। साल 2023 में उन्होंने सिर्फ 7 साल और 266 दिन की उम्र में डेनवर फैशन वीक में अपना कलेक्शन पेश किया था। उस समय वह रनवे शो डिजाइन करने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति बने थे। मैक्स की खासियत यह है कि वह फैशन के लिए साधारण और दोबारा इस्तेमाल होने वाली चीजों से भी नए डिजाइन तैयार करते हैं। उनके कई कपड़ों में पुराने शॉपिंग बैग और कॉफी बीन बैग जैसी चीजों का इस्तेमाल किया गया है। उनकी मां उनके सोशल मीडिया पेज को संभालने में भी मदद करती हैं, जहां मैक्स के बनाए कपड़ों की तस्वीरें और वीडियो (Video) देखने को मिलते हैं।

अमेरिका के 10 वर्षीय फैशन डिजाइनर मैक्स अलेक्जेंडर (Image Credit- Guinness World Record)
पेरिस फैशन वीक में भी पेश कर चुके हैं अपना कलेक्शन
समय के साथ मैक्स ने अपना खुद का कपड़ों का ब्रांड भी शुरू किया। वह कई मशहूर लोगों के लिए कपड़े डिजाइन कर चुके हैं। इसके अलावा उनकी कहानी पर एक डॉक्यूमेंट्री भी बनी, जिसे ट्रिबेका फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया। 2026 की शुरुआत में मैक्स ने पेरिस फैशन वीक में भी अपना सतत फैशन कलेक्शन पेश किया। इसके साथ वह पेरिस फैशन वीक में रनवे शो डिजाइन करने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति बने।

अमेरिका के 10 वर्षीय फैशन डिजाइनर मैक्स अलेक्जेंडर (Guinness World Record)
बच्चा नए-नए इनोवेशन के साथ बना सकता है ड्रेस
मैक्स का मानना है कि फैशन में कल्पना की कोई सीमा नहीं है। वह कहते हैं कि कपड़े बनाने के लिए जरूरी नहीं कि आपके पास महंगे कपड़े ही हों। उनके मुताबिक अचार, चम्मच या हैंगर जैसी चीजों से भी ड्रेस बनाने का आइडिया निकाला जा सकता है। यही सोच मैक्स को बाकी डिजाइनरों से अलग बनाती है। 10 साल की उम्र में उनके पास चार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हैं और उनकी सिलाई मशीन अभी भी लगातार चल रही है।
