माता-पिता और बच्चों के बीच का रिश्ता दुनिया के सबसे खूबसूरत रिश्तों में से एक होता है। बच्चे चाहे कितने भी बड़े हो जाएं, माता-पिता के लिए वे हमेशा बच्चे ही रहते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो (Viral Video) इसी प्यार और अपनापन की झलक दिखा रहा है। इसमें एक बेटी ट्रेन से अपने घर से रवाना हो रही है, जबकि उसके माता-पिता प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर उसे आखिरी पल तक विदा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर खुशी सोलंकी ने शेयर किया है। क्लिप में वह ट्रेन के अंदर से अपने माता-पिता का वीडियो रिकॉर्ड करती दिखाई देती हैं। दूसरी तरफ उनके माता-पिता प्लेटफॉर्म पर खड़े हैं और बेटी को लगातार हाथ हिलाकर विदा कर रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
बेटी के लिए हाथ हिलाते रहे माता-पिता
जैसे ही ट्रेन स्टेशन से आगे बढ़ने लगती है, माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई देती है। दोनों अपनी बेटी की तरफ हाथ हिलाते रहते हैं। बेटी भी ट्रेन की खिड़की से उन्हें देखती और वीडियो बनाती रहती है। इस पूरे वीडियो में सबसे प्यारा पल तब आता है, जब पिता अपनी बेटी की विदाई के उस पल को खुद भी मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते दिखाई देते हैं। यानी बेटी ट्रेन के अंदर से माता-पिता को रिकॉर्ड कर रही थी और पिता बाहर से बेटी को रिकॉर्ड कर रहे थे। ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ती है और माता-पिता भी कुछ दूर तक उसके साथ चलते और हाथ हिलाते दिखाई देते हैं। यह छोटा-सा पल देखने वालों के दिल को छू गया।
सोशल मीडिया पर भावुक हुए लोग
वीडियो (Video) शेयर करते हुए लिखा गया, “Rich because this is how my parents see me off”, यानी अगर माता-पिता इस तरह विदा करते हैं तो यही सबसे बड़ी दौलत है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी भावुक हो गए। कई लोगों ने कहा कि यह बिल्कुल वही प्यार है, जो सिर्फ माता-पिता ही दे सकते हैं। कुछ लोगों ने अपने घर की ऐसी ही विदाई के किस्से भी साझा किए। कई लोगों को अपने बचपन और घर से दूर जाने के समय की याद आ गई। किसी ने ट्रेन की खिड़की से हाथ हिलाते माता-पिता को याद किया तो किसी को स्टेशन पर विदाई का वह पल याद आया, जब ट्रेन के दूर जाने तक परिवार के लोग प्लेटफॉर्म पर खड़े रहते थे। दरअसल, माता-पिता की ऐसी छोटी-छोटी चीजें ही रिश्तों की गहराई दिखाती हैं। बेटी कुछ समय के लिए उनसे दूर जा रही थी, लेकिन उसके जाने के हर पल को माता-पिता अपनी आंखों में सहेजते नजर आए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
