Future Retail CBI Raid: बैंक फ्रॉड के मामले में CBI ने मुंबई की कंपनी फ्यूचर रिटेल लिमिटेड (Future Retail Ltd) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शिकायत पर CBI ने कंपनी के खिलाफ 904.32 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। इस मामले में कंपनी के प्रमोटर और मैनेजिंग डायरेक्टर किशोर बियानी, राकेश बियानी समेत अन्य निदेशकों, गारंटरों और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों के नाम शामिल हैं।
किशोर बियानी पर CBI का शिकंजा
CBI के मुताबिक, SBI की स्ट्रेस्ड एसेट्स मैनेजमेंट ब्रांच-3, मुंबई की शिकायत पर यह केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि कंपनी के प्रमोटर्स और अन्य लोगों ने आपराधिक साजिश के तहत बैंक से अलग-अलग तरह की क्रेडिट सुविधाएं हासिल की थीं। इनमें वर्किंग कैपिटल, टर्म लोन और लेटर ऑफ क्रेडिट जैसी सुविधाएं शामिल थीं।
जांच एजेंसी के अनुसार, फ्यूचर रिटेल लिमिटेड को SBI के अलावा 9 बैंकों के कंसोर्टियम से भी कर्ज मिला था। कंपनी बिग बाजार, फैशन@बिग बाजार और फूडहॉल जैसे रिटेल स्टोर चलाती थी। इसके अलावा FMCG और फैशन से जुड़े सामान का कारोबार भी करती थी। आरोप है कि कंपनी ने बैंक से जिस काम के लिए कर्ज लिया था, उस रकम का इस्तेमाल तय उद्देश्य के लिए नहीं किया। इसके बजाय बैंक से मिले पैसों को दूसरी सहयोगी कंपनियों और उससे जुड़ी संस्थाओं के जरिए डायवर्ट किया गया। CBI का आरोप है कि इस तरीके से बैंक को 904.32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अग्निवीरों के लिए बड़ी खुशखबरी, दो साल का अतिरिक्त मिलेगा मौका
CBI ने 6 नवंबर को की छापेमारी
मामला दर्ज करने के बाद CBI ने 6 नवंबर को मुंबई में कंपनी के प्रमोटर्स और निदेशकों से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जांच एजेंसी को कई अहम दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। फिलहाल CBI इस पूरे मामले में कथित साजिश की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक से मिले कर्ज की रकम कहां-कहां इस्तेमाल की गई, इसमें किन लोगों की क्या भूमिका थी और क्या इस कथित धोखाधड़ी में किसी सरकारी कर्मचारी की भी मिलीभगत थी।
