एजुकेशन

NEET PG काउंसलिंग में देरी, MCC ने बदला राउंड 2 का शेड्यूल, नई सीटें भी जुड़ेंगी

मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने राउंड 2 के रजिस्ट्रेशन की तारीख में बदलाव किया है। पहले यह प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू होनी थी, लेकिन अब उम्मीदवार 7 नवंबर से रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।

Image

NEET PG 2026: राउंड 2 के लिए नई तारीख जारी (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

NEET PG 2026 काउंसलिंग के दूसरे राउंड का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने राउंड 2 के रजिस्ट्रेशन की तारीख में बदलाव किया है। पहले यह प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू होनी थी, लेकिन अब उम्मीदवार 7 नवंबर से रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। MCC ने बताया है कि नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से 3 नवंबर को नई स्वीकृत सीटों की जानकारी मिली थी। इन सीटों को राउंड 2 की सीट मैट्रिक्स में शामिल करने से पहले संबंधित मेडिकल संस्थानों को आरक्षण रोस्टर के अनुसार उनका सत्यापन करना है। यह काम 6 नवंबर तक पूरा होना है। इसी वजह से काउंसलिंग का शेड्यूल आगे बढ़ाया गया है।

राउंड 2 की संशोधित सीट मैट्रिक्स में नई स्वीकृत पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सीटें भी शामिल होंगी। इससे MD, MS और पीजी डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकते हैं।

जिन उम्मीदवारों ने पहले से काउंसलिंग में हिस्सा लिया है, वे अपनी पात्रता के अनुसार अपग्रेड या फ्लोट विकल्प चुन सकते हैं। इसके लिए MCC की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in/pg-medical-counselling/ पर अपडेट देखना होगा।

NEET PG काउंसलिंग में कितना है आरक्षण?
कैटेगरीआरक्षण
OBC27%
SC15%
EWS10%
ST7.5%
PwD5%

अगस्त में हुई थी NEET PG परीक्षा

NBEMS ने NEET PG 2026 परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित की थी। परीक्षा देश के 339 शहरों में 1,111 केंद्रों पर हुई थी। जयपुर के सीतापुरा स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली की समस्या के कारण 2,445 उम्मीदवार परीक्षा पूरी नहीं कर पाए थे। इन उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी।

NEET PG के जरिए MBBS पास उम्मीदवारों को MD, MS और पीजी डिप्लोमा जैसे मेडिकल कोर्स में एडमिशन मिलता है। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे काउंसलिंग से जुड़ी नई तारीखों और निर्देशों के लिए MCC की वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।

ध्यान दें

MCC के नोटिस के अनुसार राउंड 2 की प्रक्रिया 7 नवंबर से दोबारा निर्धारित की जानी है। इसलिए केवल रजिस्ट्रेशन की शुरुआत ही नहीं, चॉइस फिलिंग, सीट अलॉटमेंट रिजल्ट और रिपोर्टिंग की नई तारीखें भी आधिकारिक शेड्यूल से जांचें।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article