Viral Video: 'अतिथि देवो भव' भारत की यह परंपरा केवल किताबों या कहावतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की हर गली और मोहल्ले में जीवंत है। इसका ताजा और सबसे बेहतरीन उदाहरण तब देखने को मिला जब उत्तर अफ्रीका के देश मोरक्को से आया एक विदेशी पर्यटक भारत की एक शादी में 'बिन बुलाए मेहमान' बनकर दाखिल हो गया। इसके बाद जो कुछ भी हुआ, उसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। दरअसल, मोरक्को के रहने वाले लोकप्रिय ट्रैवलर और कंटेंट क्रिएटर याह्या खद्दीर इन दिनों भारत दौरे पर हैं। याह्या एकदम भारतीय दूल्हे के गेटअप यानी शेरवानी और सिर पर पगड़ी पहने ई-रिक्शा में सवार होकर कहीं जा रहे थे। रास्ते में जैसे ही उनकी नजर एक रंग-बिरंगे और चमकते हुए भारतीय शादी के पंडाल पर पड़ी, वे खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने तुरंत बैटरी रिक्शा रुकवाया और सीधे पंडाल के भीतर दाखिल हो गए।
अमूमन अगर कोई अनजान शख्स बिना बुलाए शादी में आ जाए, तो लोग सवाल-जवाब करने लगते हैं। लेकिन, यहां नजारा बिल्कुल उल्टा था। जैसे ही याह्या पंडाल के मेन गेट पर पहुंचे, भारतीय मेहमानों ने उनका स्वागत मुस्कुराते हुए और गले लगाकर किया। फिर क्या था, ढोल की थाप बजते ही याह्या और वहां मौजूद देसी घराती-बराती ऐसे थिरकने लगे मानो वे सालों पुराने जिगरी दोस्त हों। याह्या ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा-'इंडिया मुझे हर बार सरप्राइज कर देता है'। वीडियो के सबसे मुख्य और दिल छू लेने वाले हिस्से में देखा जा सकता है कि याह्या डांस करते-करते स्टेज तक जा पहुंचे। वहां उन्होंने दूल्हा-दुल्हन को शुभकामनाएं दीं और परिवार की महिलाओं व बुजुर्गों के साथ देसी स्टाइल में जमकर ठुमके लगाए। इसी दौरान पूरे जोश और उमंग में आकर याह्या ने परिवार के साथ मिलकर 'भारत माता की जय' के नारे भी लगाए। देखें वीडियो...
विदेशी ने भारतीय शादी में मचाय धमाल
वीडियो देखकर आपका भी झूमने का मन कर रहा होगा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं यूजर्स इस वीडियो पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि इसे कहते हैं असली 'बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना', भाई ने तो शादी का पूरा पैसा वसूल कर लिया। एक अन्य यूजर ने लिखा कि यही तो भारत की खूबसूरती है। जहां नफरत न हो, वहां इंसानियत और प्यार कितना सुंदर लगता है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
