सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन कई तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं। इनमें कुछ वीडियो लोगों को हंसाते हैं, कुछ हैरान करते हैं, तो कुछ ऐसे होते हैं जो सीधे दिल को छू जाते हैं। इन दिनों एक छोटी बच्ची का ऐसा ही प्यारा वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में बच्ची ने अपनी मासूमियत और छोटी सी मदद से उन मजदूरों का दिन खास बना दिया, जो एक ऊंची इमारत पर काम कर रहे थे।
अपार्टमेंट की बिल्डिंग में काम कर रहे थे मजदूर
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि कुछ मजदूर एक अपार्टमेंट बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों पर पेंटिंग का काम कर रहे हैं। वे काफी ऊंचाई पर लटके हुए अपने काम में व्यस्त हैं। नीचे मौजूद एक छोटी बच्ची की नजर जब उन मजदूरों पर पड़ती है, तो वह उनके लिए कुछ करने का सोचती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
मजदूरों के लिए मिठाई और पानी लेकर पहुंची नन्ही बच्ची
इसके बाद वह बच्ची अपने हाथों में मिठाई और पानी लेकर मजदूरों के पास पहुंचती है। वह प्यार से उन्हें मिठाई देती है और पानी भी पिलाती है। बच्ची द्वारा की गई ऐसी खातिरदारी को देख मजदूरों के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। वीडियो का सबसे भावुक हिस्सा तब आता है, जब एक मजदूर बच्ची की तरफ देखकर मुस्कुराता है। इसके बाद वह अपने साथ काम कर रहे दूसरे मजदूर को आवाज देता है और कहता है, “देखो, मेरी भतीजी हमारा इंतजार कर रही है।” मजदूर का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। बच्ची भले ही उसकी असली भतीजी न हो, लेकिन उस पल में उसने उसे अपने परिवार जैसा ही महसूस किया।
वीडियो ने छू लिया लोगों का दिल
सोशल मीडिया यूजर्स बच्ची की खूब तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि आज के समय में जहां लोग अक्सर अपनी परेशानियों में उलझे रहते हैं, वहां इस नन्ही बच्ची ने इंसानियत की एक खूबसूरत मिसाल पेश की है। कई लोगों ने यह भी कहा कि बच्चों के ऐसे संस्कार समाज के लिए उम्मीद की किरण हैं। बच्ची ने बिना किसी दिखावे के यह साबित कर दिया कि सच्ची खुशी दूसरों की मदद करने में भी मिलती है। मजदूरों के लिए मिठाई और पानी लेकर पहुंची इस नन्ही बच्ची की मासूमियत ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
