शहर

अब अदालत तक पहुंचा धीरेंद्र शास्त्री का मामला, विवादित बयान के बाद समर्थन में उतरे अनिरुद्धाचार्य

कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ भगवान श्रीकृष्ण पर कथित टिप्पणी को लेकर आगरा कोर्ट में आपराधिक मानहानि का परिवाद दाखिल किया गया है। अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है।

Image

धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ आगरा कोर्ट में परिवाद दाखिल (File Photo)

Photo : PTI

भगवान श्रीकृष्ण पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर बागेश्वर धाम के प्रमुख कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनके खिलाफ आगरा की अदालत में आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया गया है। अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने अदालत में परिवाद दायर कर आरोप लगाया है कि धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयान से भगवान श्रीकृष्ण के वंशजों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। अदालत ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है।

धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरे अनिरुद्धाचार्य

एक तरफ जहां धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर तीखा विरोध और कानूनी कार्रवाई का दौर जारी है, वहीं अब आध्यात्मिक गुरु अनिरुद्धाचार्य धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कहा है कि धीरेंद्र शास्त्री ने यह बात किसी अपमान की दृष्टि से नहीं, बल्कि केवल 'विनोद भाव' में कही थी। अनिरुद्धाचार्य ने स्पष्ट किया कि भगवान राम और श्रीकृष्ण एक ही हैं, जो अलग-अलग युगों में अपनी लीलाएं रचने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि यह भक्तों का अपने आराध्य के प्रति विनोद भाव होता है। जिस तरह अयोध्या वासी अपने राम को सीधा-साधा बताते हैं, वहीं वृंदावन के भक्त अपने आराध्य को 'टेढ़े और बांसुरी वाले' के रूप में याद करते हैं।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित एक कथा के दौरान शुरू हुआ था। इस दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप व मुद्राओं की तुलना करते हुए कुछ ऐसी टिप्पणियां की थीं जिन्हें श्रीकृष्ण के भक्तों ने आपत्तिजनक माना। इस बयान के बाद मथुरा-वृंदावन और अयोध्या के संतों ने नाराजगी जताई और भगवान के बीच इस तरह की तुलना करने पर कड़ी चेतावनी दी। यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी तेजी से गरमाया, जहां समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बयान की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की और ऐसे कार्यक्रमों के बहिष्कार की अपील की। चौतरफा विरोध और बढ़ते विवाद को देखते हुए कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी मंशा किसी की भावनाएं आहत करने की नहीं थी और राम व कृष्ण एक ही शक्ति के दो रूप हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article