वायरल न्यूज़

VIDEO: पहली बार दिल्ली मेट्रो में बैठा विदेशी, साफ-सफाई और 54 रुपये का टिकट देखकर रह गया हैरान

पहली बार दिल्ली पहुंचे विदेशी शख्स ने दिल्ली मेट्रो की साफ-सफाई और शानदार व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की। 54 रुपये का टिकट देखकर भी हैरान हुआ। फिलहाल उसका VIDEO खूब वायरल हो रहा है।

Image

दिल्ली मेट्रो की तारीफ करता शख्स (Instagram/@stefanocastiello)

भारत आने वाले विदेशी पर्यटक अक्सर यहां की संस्कृति, खान-पान और ऐतिहासिक जगहों की तारीफ करते नजर आते हैं लेकिन इस बार एक विदेशी शख्स को दिल्ली की एक ऐसी चीज पसंद आ गई, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर जमकर हो रही है। दिल्ली पहुंचते ही इस शख्स का सामना मेट्रो से हुआ और कुछ ही देर में वह इसकी व्यवस्थाओं का मुरीद बन गया।

'फाइनली मैं भारत में हूं'

सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहे वीडियो में एक विदेशी शख्स पहली बार भारत आने की खुशी जाहिर करता नजर आ रहा है। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद वह काफी उत्साहित दिखाई देता है। इसके बाद जब वह दिल्ली मेट्रो स्टेशन पहुंचता है, तो वहां की साफ-सफाई और सुविधाओं को देखकर हैरान रह जाता है। वीडियो की शुरुआत में विदेशी शख्स दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए नजर आता है। वह खुशी से कहता है कि आखिरकार वह भारत पहुंच गया है और यह सब उसे किसी सपने जैसा लग रहा है। इसके बाद वह भारत के मशहूर खाने का जिक्र करता है। बिरयानी, चिकन टिक्का और बटर चिकन खाने की उत्सुकता जाहिर करते हुए वह लोगों से भारत आने की अपील भी करता है लेकिन उसकी असली हैरानी तब शुरू होती है, जब वह दिल्ली मेट्रो स्टेशन में प्रवेश करता है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

स्टेशन की साफ-सफाई देखकर रह गया दंग

मेट्रो स्टेशन के अंदर पहुंचते ही विदेशी शख्स वहां की साफ-सफाई देखकर काफी प्रभावित होता है। वीडियो में वह कहता है कि यहां उसे जापान जैसी फील आ रही है। स्टेशन की व्यवस्था, साफ फर्श और व्यवस्थित माहौल देखकर उसकी खुशी साफ नजर आती है। इसके बाद वह मेट्रो का टिकट खरीदने के लिए आगे बढ़ता है। बताया गया है कि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए उसे टिकट के सिर्फ 54 रुपये देने पड़े। यह रकम लगभग 67 सेंट के बराबर थी। इतना सस्ता किराया देखकर भी वह काफी हैरान नजर आया।

मेट्रो के अंदर भी की जमकर तारीफ

सिर्फ स्टेशन ही नहीं, बल्कि मेट्रो ट्रेन के अंदर की सुविधाओं ने भी विदेशी शख्स को प्रभावित किया। वह मेट्रो के इंटीरियर और एसी जैसी सुविधाओं को देखकर लगातार अपनी खुशी जाहिर करता रहा। उसका वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि वह दिल्ली मेट्रो की उम्मीद से कहीं ज्यादा अच्छी व्यवस्था देखकर काफी उत्साहित था।

सोशल मीडिया पर लोगों ने किया स्वागत

इस वीडियो (Video) को इंस्टाग्राम अकाउंट @stefanocastiello से शेयर किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद इसे लाखों लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, "भारत में आपका स्वागत है भाई।" वहीं दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि भाई मेट्रो का एसी देखकर ही खुश हो गया। कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि लगता है विदेशी शख्स पहली बार मेट्रो में बैठा है। दिल्ली मेट्रो की तारीफ करता यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article